उत्तराखंड हाईकोर्ट ने पूरन सिंह फर्त्याल की चुनाव याचिका को आधारहीन बताकर निरस्त कर दिया है.
नैनीताल: लोहाघाट (54) विधानसभा सीट से विधायक खुशाल सिंह अधिकारी को उत्तराखंड हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है. न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने उनके निर्वाचन को चुनौती देने वाली चुनाव याचिका को आधारहीन मानते हुए खारिज कर दिया. साल 2022 के विधानसभा चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे भाजपा नेता पूरन सिंह फर्त्याल ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत यह याचिका दायर कर अधिकारी के चुनाव को शून्य घोषित करने की मांग की थी.
साल 2022 के विधानसभा चुनाव में लोहाघाट सीट से दूसरे स्थान पर रहे पूरन सिंह फर्त्याल ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत याचिका दायर कर खुशाल सिंह अधिकारी के निर्वाचन को शून्य घोषित करने की मांग की थी. याचिका में आरोप लगाया गया था कि नामांकन के समय प्रतिवादी के पास राज्य सरकार या संबंधित कार्यों के अनुबंध कायम थे, जिससे वे अधिनियम की धारा 9-A के तहत अयोग्य थे. इसके अलावा प्रपत्र-26 (Form 26) के शपथपत्र में ठेकेदारी व व्यावसायिक हितों से जुड़ी जानकारी छिपाने और शुरुआती कमियों के बावजूद नामांकन पत्र को अनुचित रूप से स्वीकार किए जाने का भी दावा किया गया था.

