धराली में आपदा के मलबे में दबे कल्प केदार मंदिर की खुदाई में मंदिर की एक शिला और अन्य अवशेष दिखाई दिए.
उत्तरकाशी: धराली में पांच अगस्त 2025 को आई भीषण आपदा में मलबे में समा गए ऐतिहासिक कल्प केदार मंदिर के अवशेष मिलने शुरू हो गए हैं. 38 दिनों तक लगातार की गई खुदाई के बाद मंदिर की एक शिला और कुछ अन्य अवशेष दिखाई दिए हैं. मंदिर के अवशेष मिलने से ग्रामीणों में खुशी और उम्मीद का माहौल है. ग्रामीणों ने इसे अपनी आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है.
दरअसल, धराली में आई भीषण आपदा ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई थी. इस दौरान प्राचीन कल्प केदार मंदिर भी भारी मलबे के नीचे दब गया था. आपदा के बाद से ही ग्रामीण मंदिर के अस्तित्व और उसके अवशेषों को लेकर चिंतित थे. मंदिर को दोबारा खोजने और उसकी धार्मिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास शुरू किए. इसके तहत क्षेत्र के प्रसिद्ध सोमेश्वर देवता के सानिध्य में 11 अक्टूबर को शारदीय नवरात्र के पहले दिन मंदिर की खोजबीन के लिए विधिवत खुदाई का कार्य शुरू किया गया.
ग्रामीणों ने अपने स्तर पर लगातार 38 दिनों तक खुदाई का कार्य जारी रखा. इस दौरान मलबे को हटाते हुए मंदिर के अवशेषों की तलाश की गई. अब खुदाई के दौरान मंदिर की एक शिला और कुछ अन्य अवशेष दिखाई दिए हैं. इससे ग्रामीणों को मंदिर के पुनः मिलने की उम्मीद जगी है. ग्रामीण संजय पंवार का कहना है कि कल्प केदार मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थल नहीं, बल्कि धराली क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक है. आपदा में मंदिर के मलबे में दबने से ग्रामीणों को गहरा आघात पहुंचा था.
ग्रामीणों ने संकल्प लिया है कि मंदिर की पूरी खोजबीन होने तक यह अभियान जारी रहेगा. इसके लिए चाहे दो साल लगें या तीन साल, वे पीछे नहीं हटेंगे. उनका कहना है कि मंदिर के सभी अवशेषों को तलाशने और उसके वास्तविक स्वरूप की जानकारी जुटाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे. ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार से कल्प केदार मंदिर की खोजबीन में तकनीकी और आर्थिक सहयोग देने के साथ ही मंदिर के अवशेषों को संरक्षित करने तथा प्राचीन धार्मिक स्वरूप के अनुरूप उसके पुनर्स्थापन की मांग की है. उनका कहना है कि सरकार और प्रशासन के सहयोग से इस ऐतिहासिक धार्मिक धरोहर को फिर से स्थापित किया जा सकता है.

