ग्राम पंचायत सिया एवं बंग्लो की कांडी, स्वच्छता यात्रा समारोह आयोजित।

उत्तराखंड देहरादून/मसूरी

 

मसूरी। ग्राम पंचायत सिया एवं बंग्लो की कांडी, कैंपटी में वेस्ट वॉरियर्स संस्था ने कैंपटी का सफ़रनामा के तहत अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें पिछले चार वर्षों में कैंपटी क्षेत्र में ठोस कचरा प्रबंधन एवं सामुदायिक स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और सामूहिक प्रयासों को समर्पित रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिशु मंदिर, कैंपटी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन जिला विकास अधिकारी असलम खान, उपजिलाधिकारी नीलू चावला एवं ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने किया गया। कार्यक्रम में मनिवेन रावल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के बच्चों ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। समारोह में जिला विकास अधिकारी असलम खान, उपजिलाधिकारी नीलू चावला, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, अनिशा नरूला,एवं हेमंत के साथ ही वेस्ट वॉरियर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विशाल ने उपस्थित समुदाय को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों जैसे ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, स्वच्छता समिति, वन विभाग कैंपटी तथा जिला पंचायत के सदस्यों को उनके योगदान हेतु सम्मानित किया गया। जिला विकास अधिकारी असलम खान को परियोजना डिजाइन एवं पंचायतों से वित्तीय सहयोग सुनिश्चित कराने के प्रयासों के लिए, एसडीएम नीलू चावला को सरकारी निधि उपलब्ध कराने में सहयोग हेतु, तथा ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार एवं ग्राम प्रधान सोनी पंवार को उनके नेतृत्व एवं सामुदायिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में पाँच विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए। हाइजीन हीरो पुरस्कार सुन विलेज रेस्टोरेंट को स्वच्छ रसोई एवं सुरक्षित भोजन व्यवस्था के लिए, स्वच्छता सहयोगी पुरस्कार वीरेंद्र राणा को वेस्ट बैंक निर्माण हेतु मार्ग एवं सहयोग उपलब्ध कराने के लिए, कंपोस्टिंग क्वीन पुरस्कार सविता थपलियाल को उनकी नवाचार पूर्ण घरेलू खाद निर्माण पद्धति के लिए, स्वच्छता के बलवान पुरस्कार महेश को निर्माण एवं लॉजिस्टिक सहयोग के लिए तथा सक्रिय नागरिक सम्मान दीपेंद्र पंवार को निरंतर सामुदायिक सहयोग हेतु प्रदान किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कठपुतली कार्यक्रम रहा। इस प्रस्तुति के माध्यम से कठपुतली कला द्वारा वर्ष 2020 से लेकर वर्तमान तक कैंपटी की स्वच्छता यात्रा को दर्शाया गया। प्रस्तुति में उस समय की स्थिति दिखाई गई जब क्षेत्र में कोई व्यवस्थित कचरा प्रबंधन प्रणाली नहीं थी। इसके बाद पहली कचरा संग्रहण गाड़ी की शुरुआत, कठिन मानसून परिस्थितियों में भी निरंतर कार्य, पिछले चार वर्षों में विकसित किए गए विभिन्न अवसं रचनात्मक कार्यों तथा अंत में समुदाय को स्वच्छता व्यवस्था को आगे बढ़ाने का संदेश प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति ने हास्य, भावनाओं और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रभावशाली समन्वय प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के समापन पर लगभग 85 से अधिक समुदाय सदस्यों, स्वयं सहायता समूहों, स्वच्छता समितियों, युवाओं एवं टीम कैंपटी की उपस्थिति में वेस्ट वॉरियर्स संस्था ने सभी नागरिकों से इस स्वच्छता अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने की अपील की। संस्था ने कहा कि कैंपटी का यह सामुदायिक मॉडल पूरे उत्तराखंड के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बन चुका है।