मसूरी। महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, का वार्षिकोत्सव एवं पूज्य माँ सर्वेश्वरी का अवतरण दिवस बड़े हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष ज्योतिप्रसाद गैरोला तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मसूरी नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीरा सकलानी एवं नेहा जोशी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ शारदा एवं माँ सर्वेश्वरी जी के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मनोज रयाल ने अतिथियों का परिचय एवं स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में वर्षभर शैक्षणिक, मानसिक, शारीरिक एवं बौद्धिक विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम एवं उपलब्धियों को सामने लाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र कर्णवाल ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। इसके लिए विद्यालय, अभिभावकों एवं समाज को मिलकर कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय की निरंतर प्रगति एवं विकास के लिए सभी से सहयोग की अपेक्षा की। कार्यक्रम में माँ सर्वेश्वरी के जीवन चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वार्षिकोत्सव के अवसर पर बोर्ड परीक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल में आशीष, स्नेहा एवं सुधांशु नौटियाल तथा इंटरमीडिएट में हरमन, शीतल एवं विनीत (कला वर्ग), अजय, शालिनी एवं आशीष कुमार (विज्ञान वर्ग) तथा हर्षिक, विवेक एवं रजत खरोला (वाणिज्य वर्ग) को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। कला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि ज्योतिप्रसाद गैरोला ने कहा कि विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालयों में शिक्षा के साथ-साथ महापुरुषों के प्रति सम्मान, माता-पिता एवं गुरुजनों का आदर तथा आदर्श नागरिक बनने के संस्कार प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इन संस्कारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि नेहा जोशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय का वार्षिकोत्सव उसकी वर्षभर की उपलब्धियों का प्रतीक है। प्रत्येक विद्यार्थी को निरंतर स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए तथा जीवन में कुछ नया सीखने की जिज्ञासा बनाए रखनी चाहिए। विशिष्ट अतिथि पालिवकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने अपने उद्बोधन में विद्या भारती से संबद्ध विद्यालयों की सराहना करते हुए कहा कि इन विद्यालयों में शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन एवं राष्ट्रभावना को विशेष महत्व दिया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को श्रेष्ठ नागरिक बनने तथा समाज एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मसूरी के विधायक व प्रदेश सरकार में काबीना मंत्री गणेश जोशी ने वर्चुअली विद्यालय के इंटरैक्टिव पैनल का उदघाटन किया। इस मौके पर छात्र छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर वार्षिकोत्सव को यादगार बना दिया। कार्यक्रम मंे विद्यालय के प्रबंधक मदनमोहन शर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रबंध समिति के सदस्य चंद्र प्रकाश गोदियाल, अशोक अग्रवाल, मनमोहन कर्णवाल, जैजैवंती कर्णवाल, रश्मि कर्णवाल, माधुरी शर्मा, मोहन पेटवाल, अरविंद सेमवाल, आदि मौजूद रहे।

