मसूरी। एम पी जी कॉलेज, मसूरी में विद्यार्थियों के विगत शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लंबित परीक्षा परिणामों एवं उनमें व्याप्त विभिन्न त्रुटियों के निराकरण हेतु शुक्रवार को एक विशेष परीक्षा परिणाम सुधार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के परीक्षा ओएसडी प्रो. राजेंद्र सिंह फर्त्याल की देखरेख में परीक्षा परिणामों व त्रुटियों की सुनवाई की गयी।
शिविर के दौरान प्रो. फर्त्याल ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनके परीक्षा परिणामों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि उनके प्रकरणों की जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा समस्याओं के समाधान के लिए उचित निर्णय लिए जाएंगे। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. शालिनी गुप्ता ने प्रो. फर्त्याल का महाविद्यालय में उपस्थित होकर विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनने एवं उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शिविर के सफल आयोजन के लिए पिछले कई दिनों से छात्र-छात्राओं की समस्याओं का परीक्षण किया जा रहा था तथा संबंधित दस्तावेजों एवं अभिलेखों को व्यवस्थित रूप से तैयार किया गया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान छात्रसंघ की इसमें सकारात्मक भूमिका रही है। उन्होंने यह भी बताया कि जो छात्र-छात्रायें अपनी समस्याओं को आज शिविर में प्रस्तुत नहीं कर पाये है, वे आगामी तीन से चार दिनों के भीतर महाविद्यालय में उपस्थित होकर अपने प्रकरणों के निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई करवा सकते हैं। उल्लेखनीय है कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लगभग 125 से 150 विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम विभिन्न कारणों से लंबित थे। शिविर में लगभग 150 से 200 प्रकरणों पर विचार-विमर्श एवं सुनवाई की गई। महाविद्यालय में पहली बार इस प्रकार के विशेष शिविर का आयोजन होने से छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। लंबे समय से लंबित परीक्षा परिणामों के समाधान की उम्मीद जगी है और विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना की। विगत वर्ष 2025- 26 के लगभग 125 से 150 विद्यार्थियों के लंबित परीक्षा परिणामों के शीघ्र समाधान का शिविर में समाधान का आश्वासन मिला। शिविर में डॉ. तुषार कंडारी, डॉ. रुचि बडोनी सेमवाल, डॉ. वर्षा, कु. मैत्रेयी, दीपिका टैंक व डॉ. दिनेश जैसाली सहित छात्रसंघ अध्यक्ष विद्यांत थापली, महासचिव आशुतोष जोशी एवं अन्य छात्रसंघ पदाधिकारी तथा आकाश पडियार व खुशी उपस्थित रहे।

