सीजेएम हैम्पटन कोर्ट में छात्र छात्राओं ने द जंगल बुक का संदेशप्रद नाटक की प्रस्तुति से मनमोहा। 

उत्तराखण्ड देहरादून/मसूरी

मसूरी। कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी, हैम्पटन कोर्ट, में आयोजित सांस्कृतिक संध्या के तहत द जंगल बुक एन अडैप्टेशन की प्रस्तुति के ने प्रथम दिवस पर रचनात्मकता, कल्पना और नाट्य प्रतिभा का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने एक यादगार सांस्कृतिक संध्या का आनंद लिया। इस अवसर पर सेंट जॉर्ज कॉलेज के प्रधानाचार्य ब्रदर जेयासीलन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात प्रार्थना एवं प्रार्थना नृत्य ने वातावरण को शांत, आध्यात्मिक और मंगलमय बना दिया। एलकेजी एवं यूकेजी के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक स्वागत नृत्य ने समारोह में रंग और उल्लास भर दिया। इसके बाद विद्यालय की 104 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर आधारित प्रस्तुति के माध्यम से संस्था की समृद्ध विरासत और जीवन-मूल्यों की झलक प्रस्तुत की गई। संध्या का मुख्य आकर्षण द जंगल बुक का नाट्य रूपांतरण रहा, जिसे विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय, रंग-बिरंगी वेशभूषा, संगीत और नृत्य के माध्यम से जीवंत कर दिया। विद्यार्थियों ने मोगली और उसके साथियों के रोमांचक सफर को पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया तथा मित्रता, साहस, निष्ठा, करुणा और प्रकृति के साथ सामंजस्य जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया। इस प्रस्तुति में विद्यार्थियों, शिक्षकों और संपूर्ण विद्यालय समुदाय के सामूहिक समर्पण एवं अथक प्रयासों की झलक दिखाई दी। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस मनमोहक एवं मनोरंजक नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों के मन में एक अविस्मरणीय छाप छोड़ी। सीजेएम हैम्पटन कोर्ट की सुपीरियर एवं प्रधानाचार्या सिस्टर आइवी के साथ सिस्टर्स एवं ब्रदर्स, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, विशिष्ट अतिथि, अभिभावक, शिक्षक एवं विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।