छात्र छात्राओं को भ्विष्य निर्माण के लिए कैरियर परामर्श एवं कौशल कार्यशाला आयोजित की। 

उत्तराखण्ड देहरादून/मसूरी

मसूरी। महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्यामंदिर इंटर कालेज में कैरियर परामर्श एवं कौशल विकास कार्यशाला का आयोजन अखिल भारतीय महिला समिति के तत्वाधान में आयोजित की गयी। जिसमें कक्षा दस से लेकर बाहरवीं के 250 छात्र छात्राओं को कैरियर व कौशल विकास के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी। कार्यशाला में छात्र छात्राओं में उत्साह से प्रतिभाग किया व कैरियर के बारे में जागरूक हुए।
कार्यशाला का संचालन शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में कार्यरत नैसकॉम फाउंडेशन, देहरादून के विशेषज्ञों द्वारा किया गया। जिसमें  गिरीश, आकांक्षा पांडे एवं वर्षा ने विद्यार्थियों को कैरियर के विभिन्न अवसरों, कौशल विकास तथा अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप भविष्य के लिए उचित विकल्प चुनने के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। विद्यार्थियों ने कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विशेषज्ञों से संवाद करते हुए अपने कैरियर एवं भविष्य से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों द्वारा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें व्यावहारिक एवं उपयोगी सुझाव दिए गए। कार्यक्रम अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं सफल रहा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को कैरियर के विभिन्न अवसरों तथा भविष्य के लिए आवश्यक कौशलों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा प्राप्त हुई। विशेषज्ञों का स्वागत एवं परिचय स्थायी समिति की सदस्य कमल शर्मा ने किया व कहा कि अखिल भारतीय महिला समिति, मसूरी के लिए यह वर्ष विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह हमारा शताब्दी वर्ष है। इस गौरवपूर्ण अवसर पर समिति समाज एवं विशेष रूप से युवा पीढ़ी के विकास और सशक्तिकरण के लिए ऐसे उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करती रहेगी। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन, अवसर और आवश्यक कौशल प्रदान कर उन्हें अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में अध्यक्ष भारोसी रावत, सचिव गीतू मनचंदा एवं कोषाध्यक्ष उषा धनाई ने सहयोग किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपने भविष्य के प्रति जागरूक एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में अखिल महिला समिति, मसूरी की सदस्य आशा गुप्ता, मीरा गुप्ता, हरजिंदर वढेरा, रमनजीत कौर, उषा धनाई, रजनी एकांत, किरण त्रिपाठी, उषा मेहरा एवं अनीता बत्रा भी उपस्थित रहीं। अंत में कार्यक्रम को सफल बनाने में महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्यामंिदर के प्रधानाचार्य डा. मनोज रयाल का सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया गया।