20वीं मैनोराइट आमंत्रण टेबल टेनिस प्रतियोगिता 2026 में खिलाडियों ने दिखायी प्रतिभा।

उत्तराखण्ड देहरादून/मसूरी

 

मसूरी। सेंट जॉर्ज कॉलेज, मसूरी द्वारा आयोजित 20वीं मैनोराइट आमंत्रण दो दिवसीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता रोमांच व खेलभावना के साथ समाप्त हो गयीै प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अदम्य उत्साह, अनुशासन तथा खेल भावना का परिचय दिया।
दो दिवसीय टीटी प्रतियोगिता में देहरादून एवं मसूरी के 13 प्रतिष्ठित विद्यालयों के लगभग 100 युवा टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्गों के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्गों के साथ-साथ ओपन बालक एवं बालिका युगल वर्ग में भी रोमांचक मुकाबले खेले गए। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार तकनीक, फुर्ती, एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में द दून स्कूल के ज़िविन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट जॉर्ज कॉलेज के अविक अग्रवाल को 3-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। अंडर-17 बालक वर्ग में सेंट जॉर्ज कॉलेज के श्लोक अग्रवाल ने अपने ही विद्यालय के श्रेयांश वत्राना को कड़े मुकाबले में 3-1 से हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। अंडर-19 बालक वर्ग के फाइनल में भी श्लोक अग्रवाल, सेंट जॉर्ज कॉलेज ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए द हेरिटेज स्कूल के अधिराज चौधरी को बेहद रोमांचक मुकाबले में 3-2 से पराजित किया। बालक युगल ओपन वर्ग में द दून स्कूल के ज़िविन एवं शौर्य की जोड़ी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए वाइन बर्ग एलन स्कूल के अरुल एवं आरिश को 3-2 से पराजित कर विजेता का खिताब जीता। अंडर-14 बालिका वर्ग के फाइनल में हिम ज्योति स्कूल की इशिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वाइनबर्ग एलन स्कूल की विनोरा जैन को 3-1 से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में वाइनबर्ग एलन स्कूल की रिहाना ने अपनी ही विद्यालय की कृष्णा बेहेटी को सीधे गेमों में 3-0 से पराजित कर खिताब पर कब्जा किया। अंडर-19 बालिका वर्ग के फाइनल में हिम ज्योति स्कूल की प्रिया ने अपनी ही विद्यालय की शीटल को 3-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। बालिका युगल ओपन वर्ग का फाइनल मुकाबला भी हिम ज्योति स्कूल की खिलाड़ियों के बीच हुआ। इसमें प्रिया एवं शीटल की जोड़ी ने काशिश एवं तेरेशा की जोड़ी को बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में 3-2 से पराजित कर विजेता का खिताब हासिल किया। प्रतियोगिता ने उभरते हुए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा, दृढ़ संकल्प एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना प्रदर्शित करने के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान किया। प्रतियोगिता में द दून स्कूल, देहरादून; द हेरिटेज स्कूल, देहरादून; वेल्हम बॉयज़ स्कूल, देहरादून; द आर्यन स्कूल, देहरादून; द एशियन स्कूल, देहरादून; कासिगा स्कूल, देहरादून; फाइलफोट पब्लिक स्कूल; सेंट जोसेफ्स एकेडमी, देहरादून; हिम ज्योति स्कूल, देहरादून; गुरु नानक फिफ्थ सेंचुरी स्कूल, मसूरी; मसूरी इंटरनेशनल स्कूल, मसूरी; वाइनबर्ग एलन स्कूल, मसूरी तथा सेंट जॉर्ज कॉलेज, मसूरी ने भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में राष्ट्रीय स्तर के टीटी खिलाड़ी व मैनोराइट वरुण जैन, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की। मैनोराइट वरुण जैन एवं रेव. ब्रदर ब्रिटो, सुपीरियर एवं स्पोर्ट्स सेक्रेटरी, सेंट जॉर्ज कॉलेज, मसूरी ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उन्हें उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए पुरस्कार प्रदान किए।