पुलिस की तत्परता से बची राजस्थान से आत्महत्या करने आये युवक की जान। 

उत्तराखंड देहरादून/मसूरी

मसूरी। गत देर रात्रि 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि लाल टिब्बा रोड, मसूरी पर एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया है। सूचना प्राप्त होते ही चौकी लंढौर से चीता पुलिस कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की सहायता से खाई में गिरे युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना में स्कूटी गहरी खाई में गिर गई, जबकि युवक को केवल हल्की-फुल्की चोटें आईं। घायल को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय लंढौर पहुंचाया गया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम प्रमोद पुत्र विक्रम, निवासी टंकी वाली गली, टपोकड़ा खास मिवाड़ी, जनपद खैरथल, राजस्थान, उम्र 22 वर्ष बताया। युवक ने बताया कि वह घर वालों से नाराज होकर बिना किसी को बताए घर से 50,000 रूपये लेकर आत्महत्या करने के उद्देश्य से मसूरी आया था। एक दिन पूर्व उसने मसूरी से किराये पर स्कूटी लेकर लाल टिब्बा जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आत्महत्या का प्रयास करते समय उसकी स्कूटी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं तत्परता के कारण युवक को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के उपरांत पुलिस द्वारा उसे उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया तथा प्राथमिक उपचार के बाद कोतवाली मसूरी लाया गया। विश्वास में लेकर पूछताछ करने पर युवक ने अपने परिजनों का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया। पुलिस द्वारा युवक के परिजनों से संपर्क किया गया, जिस पर परिजनों ने बताया कि प्रमोद बिना किसी को बताए घर से मसूरी चला आया था तथा घर से 50,000 रूपये लेकर निकला था। परिजनों ने यह भी बताया कि उसने परिवार के सभी सदस्यों के मोबाइल नंबर ब्लॉक कर रखे थे, जिसके कारण उससे संपर्क नहीं हो पा रहा था। युवक को रात्रि भर कोतवाली में पुलिस निगरानी में सुरक्षित रखा गया तथा पुलिस ने युवक के लिए  भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी कराई। 27.जून को युवक के परिजन मसूरी पहुचे जिसमे युवक को उसके जीजा अजीत पुत्र सूरज, निवासी गढ़ी वाजिदपुर, गुरुग्राम हरियाणा तथा भाई दीपक पुत्र सतवीर, निवासी टंकी वाली गली, टपोकड़ा खास मिवाड़ी, जनपद खैरथल, राजस्थान के सुपुर्द किया गया। मसूरी पुलिस ने युवक एवं उसके परिजनों को भविष्य में बिना परिजनों को सूचित किए घर से न निकलने तथा किसी भी प्रकार की पारिवारिक अथवा व्यक्तिगत समस्या होने पर पुलिस से तत्काल सहायता लेने के संबंध में आवश्यक जानकारी। युवक को सकुशल पाकर उसके परिजनों ने मसूरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मानवीय संवेदनशीलता एवं सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।