हिलदारी परियोजना विदाई समारोह में योजना के कार्यो की सराहना की गयी।

उत्तराखंड देहरादून/मसूरी
मसूरी। मसूरी में पिछले 6 वर्षों से स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रच संचालित कर रही हिलदारी परियोजना का औपचारिक समापन किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने योजना के स्वच्छता के प्रति जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की व सहयोगियों को सम्मानित किया गया।
हिलदारी परियोजना एनटीपीसी के सीएसआर पहल के अंतर्गत संचालित की जा रही थी, जिसका उद्देश्य नगर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ बनाना व जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। परियोजना के समापन के अवसर पर एक विशेष विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सभी हितधारकों को परियोजना से संबंधित कार्यों का विधिवत हस्तांतरण किया गया। कार्यक्रम में पालिका सभासद गीता कुमाई, अमित भट्ट, सचिन गुहेर, विशाल खरोला, जसबीर कौर, नगर पालिका के स्वच्छता निरीक्षक विरेंद्र बिष्ट ने अपने संबोधनों में हिलदारी के कार्या की सराहना की व कहा कि विगत छह वर्षों में हिलदारी ने शहर में कूड़ा प्रबंधन व स्वछता जागरूकता में अहम सहयोग दिया व पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी कार्य किया। संस्था ने प्लास्टिक के प्रयोग को रोकने में व कूडे के वेस्ट से उपयोगी वस्तुओं को बनाने, खाद बनाने का भी कार्य किया जिससे लोगों में जागरूकता आयी। वक्ताओं ने कहा कि हिदलादी की बदौलत मसूरी नगर पालिका को स्वछता प्रबंधन में प्रदेश में पहला स्थान हासिल हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने हिलदारी परियोजना की उपलब्धियों को साझा किया और नगर में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में हुए सकारात्मक बदलावों की सराहना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी नगर पालिका एवं स्थानीय हितधारक मिलकर इस कार्य को आगे बढ़ाते रहेंगे। कार्यक्रम के हितधारकों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। हिलदारी परियोजना के समापन के साथ ही मसूरी में एक महत्वपूर्ण चरण का अंत हुआ, लेकिन इसके द्वारा स्थापित व्यवस्थाएं आने वाले समय में भी नगर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखने में सहायक सिद्ध होंगी। इस मौके पर कन्या जूनियर हाई स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर निमेष डंगवाल, रूबीना अंजुम,  हिलदारी से दीपक, अराफात, दीपिका, निशा, लीला, सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि, अधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।