सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर विद्यार्थियों ने ली राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ।

उत्तराखण्ड देहरादून/मसूरी

 

मसूरी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म जयंती के अवसर पर महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मसूरी में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश देते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रार्थना सभा में प्रधानाचार्य डॉ. मनोज रयाल ने समस्त छात्र-छात्राओं को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के अद्वितीय व्यक्तित्व, दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्रनिष्ठा एवं अतुलनीय योगदान से परिचित कराते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, नेतृत्व क्षमता और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को बनाए रखने के लिए प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, आपसी सद्भाव एवं कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को आत्मसात करना चाहिए। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि विविधताओं से परिपूर्ण भारत की वास्तविक शक्ति उसकी एकता और अखंडता में निहित है। सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर ही एक सशक्त, समरस एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण में सार्थक योगदान दिया जा सकता है। कार्यक्रम का वातावरण राष्ट्रभक्ति, एकता और देश के प्रति समर्पण के भाव से ओतप्रोत रहा। इस अवसर पर  एनएसएस के छात्र छात्राओं द्वारा एकता यात्रा भी निकाली गयी।