जनसंख्या नियंत्रण को लेकर तलवार दंपत्ति ने मालरोड पर जन जागरूकता अभियान चलाया। 

उत्तराखंड देहरादून/मसूरी

मसूरी। पर्यटन नगरी में मेरठ से आयी तलवार दंपत्ति विगत कई सालों से देश की विकाराल होती जनसंख्या पर नियंत्रण के लिए पूरे देश में घूम घूम कर सरकार से मांग कर रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। वहीं विगत 32 सालों से प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें आज तक समय नहीं दिया गया जबकि उत्तराखंड के मुख्यमंमत्री पुष्कर सिंह धामी ने तलवार दंपत्ति को मिलने का समय दिया है।
मसूरी। देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग को लेकर पिछले 32 वर्षों से जनजागरण अभियान चला रहे मेरठ निवासी दिनेश तलवार और उनकी पत्नी दिशा तलवार ने शनिवार को मसूरी के लाइब्रेरी चौक से माल रोड होते हुए शहीद भगत सिंह चौक तक उल्टा चलकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान उनके पुत्र यश तलवार भी अभियान में शामिल रहे, जो बचपन से ही इस मिशन का हिस्सा हैं। 55 वर्षीय दिनेश तलवार ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1994 में जनसंख्या नियंत्रण के लिए अपने अभियान की शुरुआत की थी। समय के साथ उनकी पत्नी दिशा तलवार तथा उनके दोनों बच्चे भी इस मिशन से जुड़ गए। तब से लेकर आज तक पूरा परिवार जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए देशभर में पदयात्राएं, जनसंपर्क अभियान और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। तलवार दंपती के अनुसार वे अब तक देश के लगभग 400 शहरों में जनजागरण पदयात्राएं कर चुके हैं। उनका कहना है कि वे पिछले 32 वर्षों से देश के प्रधानमंत्रियों सहित अनेक राष्ट्रीय नेताओं से मिलने का समय मांगते रहे हैं ताकि जनसंख्या नियंत्रण के विषय पर अपनी बात सीधे रख सकें। हालांकि उन्हें अब तक किसी प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर नहीं मिला। उन्होंने बताया कि लगभग तीन वर्ष पूर्व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें मुलाकात का समय दिया था तथा उनके अभियान की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया था। मसूरी में लोगों को संबोधित करते हुए दिनेश तलवार ने कहा कि जनसंख्या वृद्धि भारत की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है। बढ़ती आबादी के कारण रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, पर्यावरण और अन्य संसाधनों पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले वर्षों में भारत की जनसंख्या 200 करोड़ तक पहुंच सकती है, जिससे परिस्थितियां और अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका अभियान किसी धर्म, जाति या राजनीतिक विचारधारा के खिलाफ नहीं है। जनसंख्या की समस्या को धर्म के चश्मे से नहीं देखा। यह पूरे देश का विषय है और इसके समाधान के लिए सरकार तथा समाज दोनों को मिलकर आगे आना होगा। तलवार दंपती ने मसूरी पहुंचे पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों और युवाओं से अपील की कि वे जनसंख्या नियंत्रण के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद करें तथा सरकार से इस दिशा में ठोस नीति बनाने की मांग करें। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता जनजागरण की है, क्योंकि जनसंख्या नियंत्रण का संबंध देश के भविष्य, संसाधनों और आने वाली पीढ़ियों के जीवन स्तर से जुड़ा हुआ है। दिनेश तलवार ने बताया कि वे और उनकी पत्नी प्रतिदिन देश के प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग भी कर रहे हैं। उनका मानना है कि इस विषय पर राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक चर्चा और प्रभावी नीति की आवश्यकता है। तलवार दंपती ने बताया कि उनका वर्तमान जनजागरण अभियान 11 जुलाई, विश्व जनसंख्या दिवस तक जारी रहेगा। इस दौरान वे प्रतिदिन किसी न किसी शहर, कस्बे अथवा सार्वजनिक स्थल पर पदयात्रा और जनसंपर्क कार्यक्रम करेंगे। इस चरण के अभियान का समापन विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में किया जाएगा।