मसूरी। लंढौर छावनी क्षेत्र में एक पीकप लोडर अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा व एक पेड़ से अटक गया। लेकिन वाहन में सवार चालक व एक अन्य व्यक्ति सुरक्षित बच गये। अगर पेड न होता तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
पुलिस को सिटी कंट्रोल रूम 112 से सूचना प्राप्त हुई कि चार दुकान रोड पर एक वाहन रोड से नीचे गिर गया है तथा उसमें आग लगने की सूचना है। सूचना पर तत्काल कोतवाली मसूरी से प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पर्याप्त पुलिस बल एवं चौकी लंढौर से भी पर्याप्त पुलिस बल आपदा उपकरणों सहित घटनास्थल हेतु रवाना किया गया। घटनास्थल पर पहुंचकर देखा गया कि पिकप वाहन संख्या यूके 09 सीए 1086 चार दुकान से आगे रोड से नीचे गिरा हुआ था। मौके पर वाहन में किसी प्रकार की आग नहीं लगी हुई पाई गई। जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि उक्त वाहन में चालक सहित कुल दो व्यक्ति सवार थे। वाहन चार दुकान से मलिंगार की ओर जा रहा था। मोड़ पर ब्रेक न लग पाने के कारण वाहन रेलिंग तोड़ते हुए रोड से नीचे चला गया। व एक पेड़ के तने पर अटक गया जिस कारण दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है। वाहन में सवार दोनों व्यक्ति पूर्णतः सुरक्षित हैं। मौके पर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई।
