दिव्यांग होने के बाद भी सुंदर बाफिला आर्थिक तंगी और सरकारी उपेक्षा के बावजूद अपने संगीत के जुनून को जीवित रखे हुए हैं.
पिथौरागढ़: उत्तराखंड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, यहां संघर्षों के बीच भी ऐसे हुनरमंद लोग अपनी पहचान बनाने में जुटे हैं, जिनकी जिंदगी किसी प्रेरणादायक कहानी से कम नहीं. पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग विकासखंड के बडेत गांव निवासी 40 वर्षीय सुंदर बाफिला भी ऐसी ही एक प्रतिभा हैं. आंखों की रोशनी ने उनके जीवन में कई मुश्किलें खड़ी कीं, लेकिन संगीत के प्रति उनका जुनून कभी कम नहीं हुआ. आर्थिक तंगी और सरकारी उपेक्षा के बीच सुंदर आज भी अपने सुरों के सहारे पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
सुंदर बाफिला ने महज सात वर्ष की उम्र से गीत गाना शुरू कर दिया था. बचपन से ही संगीत के प्रति उनका लगाव था. अपनी गायकी के दम पर उन्होंने वर्ष 2010 में दिल्ली में आयोजित इंडियन आइडल सीजन-5 के ऑडिशन में प्रतिभाग किया. यहां उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए चौथे राउंड तक जगह बनाई और करीब 80 हजार प्रतिभागियों के बीच टॉप-20 में पहुंचने के बाद प्रतियोगिता से बाहर हो गए. यह उपलब्धि उनके संघर्ष और प्रतिभा की बड़ी मिसाल है. सुंदर ने ईटीवी के ‘झुमिगो उत्तराखंड’ कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया और कुमाऊं क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य स्तर तक अपनी गायकी का हुनर दिखाया.
लोकगायक स्वर्गीय पप्पू कार्की और स्वर्गीय प्रह्लाद मेहरा को वह अपना गुरु और प्रेरणास्रोत मानते हैं. सुंदर खुद के लिखे और तैयार किए गीत भी गाते हैं. क्षेत्र में आयोजित होने वाले मेले, महोत्सव और रामलीलाओं में उन्हें गायकी के लिए आमंत्रित किया जाता है.सुंदर बताते हैं कि उनकी आंखों की रोशनी की समस्या के उपचार के लिए उन्हें दिल्ली तक ले जाया गया, लेकिन वहां भी रोशनी से जुड़ी समस्या के चलते उनका उपचार नहीं हो पाया. इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और संगीत को ही अपनी जिंदगी का सहारा बना लिया.
दुखद पहलू यह है कि इतनी प्रतिभा और संघर्ष के बावजूद सुंदर को आज तक सरकार की ओर से कोई विशेष सहायता नहीं मिल पाई है. उनका कहना है कि दिव्यांग पेंशन भी समय पर नहीं मिलती. आर्थिक रूप से कमजोर और दूसरों पर निर्भर रहने वाले दिव्यांग लोगों के लिए पेंशन ही बड़ा सहारा होती है. ऐसे में पेंशन मिलने में देरी उनकी मुश्किलें और बढ़ा देती है. सुंदर की कहानी सिर्फ एक लोकगायक के संघर्ष की कहानी नहीं, बल्कि उस व्यवस्था के सामने भी सवाल है, जहां प्रतिभा तो मौजूद है, लेकिन उसे आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन और सहयोग का अभाव है. आंखों की रोशनी भले ही उनका साथ न दे सकी, लेकिन सुरों की रोशनी से वह आज भी अपनी पहचान बनाने में जुटे हैं.

