आरएन भार्गव इंटर कालेज में नेहरू जयंती बाल दिवस पर 100 स्वेटर वितरित किए। 

उत्तराखण्ड देहरादून/मसूरी

मसूरी। आरएन भार्गव इटर कालेज में सामाजिक सरोकार एवं सेवा भावना से ओतप्रोत स्वेटर कांग्रेस ने प. जवाहर लाल नेहरू के जन्म दिन बाल दिवस पर छात्रों एक सौ से अधिक स्कूल डेªस के स्वेटर वितरित किए। इस अवसर पर कांग्रेस पीसीसी सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपेन्द्र थापली तथा वर्तमान व्यापार संघ कोषाध्यक्ष नागेन्द्र उनियाल एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को स्वेटर वितरित किए। इस पुनीत पहल से विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिलाी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपेन्द्र थापली ने अपने विद्यार्थी जीवन के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि पहले शिक्षा प्राप्त करना आज की तुलना में कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण था। उन्हें 15-15 किलोमीटर पैदल चलकर विद्यालय जाना पड़ता था तथा उस समय संसाधनों और सुविधाओं का भी काफी अभाव था। उन्होंने कहा कि आज विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के अनेक अवसर और सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसलिए उन्हें इनका सदुपयोग करते हुए अपना पूरा ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित करना चाहिए। जीवन में केवल सफल होना ही नहीं, बल्कि एक अच्छा और जिम्मेदार इंसान बनना भी आवश्यक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी विद्यालय के हित एवं विद्यार्थियों की उन्नति के लिए जो भी संभव होगा, वह पूरा सहयोग प्रदान करेंगे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का सबसे सशक्त माध्यम है। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का यह दायित्व है कि वह जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता के लिए आगे आए। स्वेटर वितरण जैसी पहल विद्यार्थियों को राहत देने के साथ-साथ उनमें समाज के प्रति अपनत्व और विश्वास की भावना भी विकसित करती है। विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय प्रसाद भट्ट’ ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के हित में किया गया यह सहयोग अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक सहयोग से न केवल विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलता है, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज की सकारात्मक भागीदारी भी मजबूत होती है। विद्यालय के प्रबंधक सतीश गोयल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज के जागरूक एवं संवेदनशील लोगों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वेटर वितरण के माध्यम से विद्यार्थियों के प्रति दिखाई गई आत्मीयता एवं उदारता की सराहना करते हुए सभी सहयोगकर्ताओं का धन्यवाद किया। विद्यालय एसोसिएशन के अध्यक्ष यशवंत कुमार ने विद्यार्थियों की शैक्षिक उन्नति एवं सर्वांगीण विकास पर बल देते हुए कहा कि बच्चों का भविष्य संवारना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वेटर वितरण के लिए उपेन्द्र थापली एवं अमित गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के पुनीत कार्य समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की वरिष्ठ प्रवक्ता रंजना पंवार व शैलेंद्र बिष्ट ने किया व कहा कि विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाना चाहिए तथा शिक्षा, अनुशासन और मेहनत को अपनी सफलता का आधार बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज से मिलने वाला सहयोग विद्यार्थियों के लिए केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की प्रेरणा भी है। उन्होंने अतिथियों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए सभी आगंतुकों एवं सहयोगकर्ताओं का विद्यालय परिवार की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष अमित गुप्ता, राजीव गोयल, राजीव अग्रवाल, इमरान, अशोक मित्तल, राजन विरमानी, राजेश मल्ल, तेजपाल रौथाण आदि मौजूद रहे।