मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में वीक एंड पर बड़ी संख्या में पर्यटक उमडने से व्यापारियों के चेहरे खिल गये। मसूरी सहित आस पास के पर्यटक क्षेत्रों धनोल्टी, काणाताल, बुरांशखंडा, कैंपटी क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में पर्यटकों ने रूख किया व मौसम व प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। इस बार राम नवमी का अवकाश घोषित होने से वीकएंड चार दिवसीय हो गया, जिसे देखते हुए पुलिस ने यातायात के लिए विशेष प्लान बनाया ताकि पर्यटक आराम से मसूरी व आसपास के क्षेत्रों में पहुंच सके।
दशहरा व राम नवमी के अवकाश के साथ वीकएंड आने पर बड़ी संख्या में पर्यटकों ने मसूरी व आसपास के क्षेत्रों का रूख किया। दिन के समय पर्यटक मसूरी के आस पास के पर्यटक स्थलों लाल टिब्बा, धनोल्टी, सुरकंडा, कैपटी फॉल, अटल उद्यान, जार्ज एवरेस्ट, बुद्धा टैंपल, दलाई हिल, गन हिल, भटटा फॉल आदि क्षेत्रों में गये व पूरा क्षेत्र पर्यटकों से गुलजार रहा। वहीं शाम होते ही मालरोड की रौनक देखते ही बनती रही। बड़ी संख्या में पर्यटक ठंडी हवाओं का आनंद लेते मालरोड पर चहलकदमी करते नजर आये व ठंड होने पर गर्म कपडों के साथ मालरोड पर घूमते रहे। लाइब्रेरी से झूलाघर व पिक्चर पैलेस का पूरा क्षेत्र पर्यटकों से गुलजार रहा। मसूरी के होटल 70 प्रतिशत तक पैक हो गये है जिसके कारण पर्यटन से जुडे व्यवसायियों सभी को काम मिल रहा है। शाम के समय मालरोड पर पर्यटक ठंड होने पर चाय की चुस्की के साथ पकोड़ों व गर्म दूध व जलेबी का आनंद लेते दिखे। ठंड होने के कारण गर्म कपड़ों की दुकानों में भी पर्यटकों ने जमकर खरीददारी की। वहीं रिक्शा, टैक्सी, सहित सभी का व्यवसाय अच्छा चला। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल का कहना है कि वीक एंड लंबा होने के कारण पूरा सप्ताह पर्यटकों से गुलजार रहेगा व दशहरे तक अच्छा व्यवसाय मसूरी को मिलेगा वहीं होटलों की बुकिंग भी लगातार बढी है, बरसात के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में पर्यटकों ने मसूरी का रूख किया।

