मसूरी। मसूरी वन प्रभाग की ओर से चलाये जा रहे वन्य जीव सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम का समापन वन्य जीवों की सुरक्षा व उनके प्रति सदभाव का संदेश देने के साथ समाप्त हो गया।
मसूरी वन प्रभाग की ओर से वन्य जीव सुरक्षा सप्ताह के तहत रायपुर, मसूरी, केम्पटी, बद्रीगाड़, जौनपुर विनोग हिल रेंज में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए इसके साथ ही जन जागरूकता अभियान चलाया गया जिसमें वन्य जीव सुरक्षा के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया जिसमें प्रश्न प्रतियोगिता, वाद विवाद प्रतियोगिता, चित्रकला के साथ ही स्वच्छता अभियान चलाया गया। वहीं वन्य जीव सुरक्षा को लेकर जन जागरूकता अभियान भी चलाया गया। प्रतियोगिता के दौरान विजयी प्रतिभागियों को मसूरी वन प्रभाग कार्यालय में प्रभागीय वन अधिकारी डीपी बलूनी द्वारा पुरस्कृत किया गया। पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ रही वन्य जीव और मानव संघर्ष को लेकर बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गई और इसके समाधान के लिए लोगों को जागरूक रहने का आह्वान किया गया। लगातार बढ़ रही आबादी के बीच वन्य जीवों का आबादी क्षेत्र में आना और मानव वन्य जीव में बढ़ रहे संघर्ष को लेकर चिंता व्यक्त की गई और इसके रोकथाम के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। प्रभागीय वन अधिकारी डीपी बलूनी ने बताया कि पूरे भारतवर्ष में वन्य जीव सुरक्षा सप्ताह मनाया गया इस दौरान मसूरी वन प्रभाग द्वारा मसूरी रेंज में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों के समक्ष समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि मानव वन्य जीव संघर्ष के बीच किस तरह सुरक्षित रहा जा सकता है इसको लेकर विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से संदेश देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए थे और जन जागरूकता के माध्यम से लोगों को वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर जागरूक किया गया और लोगों को संदेश दिया गया कि वन्य जीव और मनुष्य की सुरक्षा को लेकर किस तरह के उपाय किए जा सकते हैं ताकि दोनों सुरक्षित रह पाए। उन्होंने कहा कि आज जिस तरह से वन्य जीव और मानव के बीच संघर्ष बढ़ रहा है उसको लेकर प्रतियोगिताओं के माध्यम से चिंता व्यक्त की गई है और लोगों को जागरूक रहने के साथ ही सुरक्षा के उपाय भी बताए गए।

