मसूरी टाउनहॉल में चोरी का मामला, शादी समारोह से कैटरर्स का सामान गायब। 

उत्तराखण्ड देहरादून/मसूरी

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी के टाउनहॉल में आयोजित एक शादी समारोह से चोरी का मामला सामने आया है। यहां कैटरिंग का काम कर रहे गुनसोला एंड फैमिली कैटरर्स का दावा है कि समारोह के दौरान उनके कई बड़े बर्तन और हजारों रुपये की खाद्य सामग्री से जुड़ा सामान गायब हो गया ।
कैटरर्स के भाई देव गुनसोला के अनुसार, करीब सात बड़े पतीले समेत कैटरिंग का अन्य जरूरी सामान मौके से गायब था। काफी तलाश करने और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के बाद उन्होंने निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कथित तौर पर कुछ लोग कूड़ा उठाने वाले कट्टों में पतीले और अन्य सामान डालकर पिक्चर पैलेस की ओर जाते दिखाई दिए। इसके बाद चोरो द्वारा सारा सामान एक गाड़ी में डाल दिया गया और वहां से चंपत हो गए। पीड़ित कैटरर्स देव गुनसोला का कहना है कि घटना को लेकर पुलिस को चार दिन पहले लिखित तहरीर दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही उनका सामान बरामद हो पाया है। अब सवाल यह है कि सार्वजनिक कार्यक्रम स्थल पर हुई इस घटना के बाद भी सामान का कोई सुराग क्यों नहीं लग पाया। पीड़ित परिवार पुलिस से जल्द कार्रवाई और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग कर रहा है। इस मामले में कैटरर्स ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शहर में कूड़ा उठाने का काम करने वाले लोगों का सत्यापन अभियान चलाया जाए और उनकी पहचान व निवास संबंधी जानकारी की जांच की जाए। उनका कहना है कि मसूरी में आए दिन चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग परेशान हैं। उन्होंने संबंधित बस्तियों में भी सघन जांच अभियान चलाकर, यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। कैटरर्स का आरोप है कि शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।