शरदोत्सव के तहत शहर के विभिन्न स्थानों सहित टाउनहाल में सांस्कृति प्रस्तुतियों ने मन मोहा। 

उत्तराखण्ड देहरादून/मसूरी
  1. मसूरी। शरदोत्सव 2026 के तहत शहर के विभिन्न स्थानों पर विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जिसका आनंद स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों ने लिया व उत्तराखंड सहित देश की विभिन्न क्षेत्रों से आये लोक कलाकारों की सांस्कृतिक विरासत का आनंद लिया। वहीं दूसरी ओर टाउन हॉल में स्थानीय कलाकारो सहित उत्तराखंड के लोक कलाकारों व गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनमोहा व उन्हंे नृत्य करने पर मजबूर किया।
    शरदोत्सव के तहत प्रातः छह बजे हाइब्रिड एक्सगेम फिटनेस इन मसूरी आयोजित की गयी जिसमें स्वस्थ रहने के टिप्स दिए गये। वहीं दूसरी ओर लंढौर चौक, गढवाल टैरेस व गांधी चौक पर विभिन्न सांस्कृतिक दलों के कलकारों ने अपनी प्रस्तुति दी।जिसमें इप्टा ने लंढौर चौक व गढवाल टैरेस पर प्रस्तुति दी, वहीं लोक गायक राम कौशल ने गढवाल टैरेस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी उन्होंने रेणुका माता के भजन से कार्यक्रम का शुभारंभ किया व उसके बाद रांसु लगे चैता, बंदोला, बंदोला, चल बीनू मेरा मुलक, सहित अनेक गीतों व नृत्य की प्रस्तुति देकर लोगों को थिरकने पर मजबूर किया। कार्यक्रम का संचालन अनिल गोदियाल व विजय बिंदवाल ने किया। वहीं गांधी चौक पर प्रमिला पंवार के झुमैलों ग्रुप ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। वहीं उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ मांगल गीत से किया व उसके बाद नृत्यों की प्रस्तुति दी वहीं इस मौके पर पहाड़ के परिधानों को प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही गांधी चौक पर उत्तरमध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की ओर से हिमाचल की टीम ने पारपंरिक वाद्ययंत्रों के साथ नाटी की मनमोहक प्रस्तुति दी। गढवाल टैरेस पर उत्तर मध्यक्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की ओर से कश्मीर से आये कलाकारों ने कश्मीरी नृत्य की प्रस्तुति दी, गांधी चौक पर  हरियाणा से आई टीम ने हरयाणवी गीतों व नृत्य की प्रस्तुति दी। गढवाल टैरेस पर अनिल गोदियाल की ओर से नंदादेवी राजजात्रा नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी गयी। वहीं टाउनहाल में स्थानीय क्लब,, स्वजन शिक्षा समिति, ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी व उसके बाद लोक गायिका मनु वंदना नाइट का आयोजन किया गया जिसमें उन्होंने गढवाली व कुमाउंनी गीतों की प्रस्तुति दी जिसमें उन्होंने घुघुती घुरौण लगी, चैता की चैत्वाली, हे मेरा पहाड़, रंगीलों उत्तराखंड आदि गीत गाकर लोगों को थिरकने पर मजबूर किया। उसके बाद रमछोल कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें उत्तराखंड के जाने माने लोक गायकों ने अपने गीतों से दर्शकों को थिरकने पर मजबूर किया। पालिका सभासद विजय बिंदवाल के नेतृत्व में आयोजित रमछोल कार्यक्रम में लोक गायिका मंजु नौटियाल ने सुरेतु माता, कमर पिड़ा सहित अनेक गीत सुनाये वहीं गजेंद्र राणा ने लीला घस्यारी, पुष्पा छोरी, बबली तेरो मोबाइल, जय हो नंदादेवी, आदि गीत सुनाये वहीं जौनसारी गायक मनोज सागर ने शावली, हाय रे नारिया, प्यारी साथेनी, आदि गीत गाये, वहीं विरेंद्र पंवार व संगीता ढौडियाल ने भी लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन सहित अतिथि व पालिका सभासद मौजूद रहे।