मसूरी। मसूरी इंटरनेशनल स्कूल में सामुदायिक सेवा और छात्र नेतृत्व का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया वहीं सत्र 2026-27 के लिए इंटरैक्ट क्लब का वार्षिक पदस्थापन समारोह आयोजित किया गया।
मसूरी इंटर नेशनल स्कूल के सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें शिक्षक पर्यवेक्षकों के मार्गदर्शन में इंटरैक्ट क्लब के सदस्यों ने शिविर का स्वतंत्र रूप से संचालन एवं प्रबंधन किया। विद्यार्थियों की कार्यकुशलता, समर्पण और सेवा-भावना के परिणामस्वरूप शिविर में कुल 37 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिससे स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं को सहयोग मिलेगा। एमआईएस इंटरैक्ट क्लब पिछले कई वर्षों से समाजोपयोगी एवं प्रभावशाली सेवा परियोजनाओं का नेतृत्व करता आ रहा है। क्लब के सदस्यों ने स्वयं से पहले सेवा के आदर्श को सार्थक करते हुए सामुदायिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। विद्यालय के सभागार में इंटरैक्ट क्लब का औपचारिक पदस्थापन समारोह आयोजित हुआ।

समारोह में रोटरी अध्यक्ष अश्वनी मित्तल, क्लब सचिव नूपुर कर्णवाल कैंतुरा, अध्यक्ष-निर्वाचित योगिता गोयल, पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र कर्णवाल, रोटेरियन नीरज गर्ग एवं रोटेरियन रजत अग्रवाल सहित विद्यालय की प्रधानाचार्या शालू बब्बर तथा वरिष्ठ शिक्षकगण उपस्थित रहे। समारोह का मुख्य आकर्षण बैज एवं शपथ-पत्र प्रदान करने का कार्यक्रम रहा। नवनियुक्त इंटरैक्ट अध्यक्ष श्रेया घमांडे तथा क्लब के अन्य पदाधिकारियों को अतिथियों एवं प्रधानाचार्या द्वारा आधिकारिक सैश और बैज प्रदान किए गए। अपने संबोधन में रोटरी अध्यक्ष अश्वनी मित्तल और प्रधानाचार्या शालू बब्बर ने विद्यार्थियों द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर की सराहना की। उन्होंने नवगठित इंटरैक्ट परिषद से सेवा-भावना, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए स्वंय से पहले सेवा के मूल मंत्र को निरंतर अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में इंटरैक्ट अध्यक्ष, एमआईएस, श्रेया घमांडे ने धन्यवाद ज्ञापित किया।