आगामी 6 से 10 अक्टूबर को होगा, मसूरी शरदोत्सव, लोक संस्कृति व खेलों को प्राथमिकता। 

उत्तराखण्ड देहरादून/मसूरी

मसूरी। नगर पालिका परिषद के सभागार में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी की अध्यक्षता में शरदोत्सव आयोजन के लिए महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया जिसमें सर्व सम्मति से भव्य व सुव्यवस्थित शरदोत्सव मनाने का निर्णय लिया गया कि आगामी छ अक्टूबर से 10 अक्टूबर को शरदोत्सव आयोजित किया जायेगा।
बैठक में सर्व सम्मति से लिए गये निर्णय में शरदोत्सव को पांच दिवसीय रखा गया है जिसे ऐतिहासिक, आकर्षक, व सुव्यवस्थित बनाने के लिए व विभिन्न व्यवस्थाओं के सफल क्रियान्वयन करने के लिए आठ प्रमुख समितियों का भी गठन किया गया। जिसमें कोर कमेटी, सांस्कृतिक समिति, खेल समिति, स्वागत समिति, आवास एवं भोजन समिति, प्रचार प्रसार समिति, वित्त समिति, व्यवस्था समिति प्रमुख है। बैठक में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि शरदोत्सव मसूरी की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन का प्रमुख आकर्षण रहा है इसलिए इसके स्तर और गरिमा को बनाए रखने में कोई कोर कसर नहीं छोडी जायेगी। विशेष रूप से महोत्सव के शुभांरंभ पर निकलने वाली नगर शोभायात्रा को अभूतपूर्व भव्यता और पारंपरिक लोक संस्कृति के अनूठे रंगों के साथ आयोजित करने पर बल दिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि गठित समितियों को निर्देशित किया गया है कि वे आगामी दो से तीन दिनों के अंदर अपनी अपनी विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें, आगामी छह सितंबर को पुन एक बैठक की जायेगी

जिसमें सभी समितियों को अपनी अपनी कार्ययोजना के बारे में अवगत कराना होगा, आयोजन को वित्तीय रूप से सुदृढ बनाने के लिए फंड कलेक्शन की ठोस रणनीति पर भी सहमति बनायी गयी। शरदोत्सव की आधिकारिक थीम, लोगो, और आटम समिति के आधिकारिक लेटरहेड के निर्धारण को लेकर आम सहमति से बनाने का निर्णय लिया गया। जिसे शीघ्र अंतिम रूप देकर जारी किया जायेगा। बैठक में महोत्सव को यादगार बनाने के लिए सभी अधिकारियों, सदस्यों से पूर्ण निष्ठा के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का भी संकल्प लिया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शरदोत्सव में स्थानीय कलाकारो, संस्कृति कर्मियों, खिंलाडियों व पारपंरिक व्यंजनों को प्रमुखता दी जायेगी। बैठक में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, सभासद शिवानी भारती, गौरी थपलियाल, अमित भटट, पवन थलवाल, सचिन गुहेर, विशाल खरोला, पंकज खत्री, रणवीर कंडारी, गीता कुमाई, मोहन पेटवाल, ममता राव, प्रदीप भंडारी, राजेंद्र रावत, सूरत सिंह रावत, रूपचंद, रजत अग्रवाल, कुशाल राणा, अनिल गोेदियाल, गौरव गुप्ता, नरेंद्र पडियार, राजेश सक्सेना, मनोरंजन त्रिपाठी, परविंद रावत, संजय अग्रवाल, अजय भार्गव, विजय बिंदवाल, उज्जवल नेगी, महेश चंद आदि मौजूद रहे।