मसूरी। ऑल मसूरी सीनियर सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन ने लाइब्रेरी स्थित वरिष्ठ नागरिक भवन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस स्कूली छात्र छात्राओं के साथ मनाया व योगाभ्यास किया। इस मौके पर छात्र छात्राओं को प्रतिदिन योग करने का आहवान किया गया।
ऑल मसूरी सीनियर सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव एनके साहनी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हमें केवल योग करने की प्रेरणा ही नहीं देता, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और संतुलित जीवन जीने का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को मोड़ने या कठिन आसन करने का नाम नहीं है। योग का अर्थ है स्वयं से जुड़ना, अपने मन से जुड़ना और प्रकृति से जुड़ना। योग हमारे शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करता है। आज के समय अधिकतर मोबाइल, टीवी और कंप्यूटर में अधिक समय बिताते हैं। इससे हमारी शारीरिक गतिविधियाँ कम हो गई हैं और तनाव बढ़ गया है। ऐसे समय में योग हमारे जीवन का सबसे बड़ा मित्र बन सकता है। प्रतिदिन केवल 20 से 30 मिनट योग करने से हमारा शरीर स्वस्थ, मन शांत और एकाग्र रहता है। विद्यार्थियों के लिए योग विशेष रूप से लाभदायक है क्योंकि इससे स्मरण शक्ति बढ़ती है, पढ़ाई में मन लगता है और परीक्षा का तनाव कम होता है। उन्होंने कहा कि योग हमें केवल शारीरिक रूप से ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बनाता है। जब हम नियमित योग और प्राणायाम करते हैं, तो हमारे भीतर धैर्य, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित होती है। कहा कि हमारे देश भारत को योग की जन्मभूमि होने का गौरव प्राप्त है। हजारों वर्ष पहले हमारे ऋषि-मुनियों ने योग का ज्ञान पूरी मानवता को दिया। आज विश्व के लगभग हर देश में लोग योग कर रहे हैं। यह हम सभी भारतीयों के लिए गर्व का विषय है कि पूरी दुनिया ने योग के महत्व को स्वीकार किया है। लेकिन केवल एक दिन योग दिवस मनाना पर्याप्त नहीं है। यदि हम वास्तव में स्वस्थ जीवन चाहते हैं, तो योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। इस मौके पर संकल्प लिया गया कि प्रतिदिन योग करेंगे, अपने माता-पिता और परिवार के सदस्यों को भी योग करने के लिए प्रेरित करेंगे, मोबाइल और टीवी पर अनावश्यक समय कम बिताएँगे, स्वस्थ भोजन करेंगे और नियमित व्यायाम करेंगे, अपने मन में सकारात्मक विचार रखेंगे और सभी के प्रति प्रेम एवं सम्मान का भाव रखेंगे। इस मौके पर सचिव एनके साहनी, हर्षदा वोहरा, जीके गुप्ता, रमेश गोयल, सहित मसूरी गर्ल्स इंटर कालेज, सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कालेज, आरएन भार्गव इंटर कालेज, महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्यामंदिर के छात्र छात्राएं भी मौजूद रहे