मालरोड पर लगे कोबल्स स्टोन से हो रही आये दिन दुर्घटना, लोनिवि के खिलाफ बढा आक्रोश।

उत्तराखण्ड देहरादून/मसूरी

मसूरी। मालरोड के मुख्य चौराहों पर लगे कोबल्स स्टोन से आये दिन दुर्घटनाएं हो रही है। इसी कड़ी में ग्रीन चौक पर स्कूटी से जा रहे दो पर्यटक कोबल्स पर अचानक फिसल कर गिर गये व बुरी तरह से चोटिल हो गये। यह तो गनीमत रही कि पास में एक वाहन खड़ा था अगर वह चलता होता तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। लगातार कोबल्स हटाने को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग से कई बार कहा लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है जिस पर लगातार आक्रोश बढ रहा है व आंदोलन की चेतावनी दी गयी है।
मालरोड का ग्रीन चौक स्कूटी सवारों के लिए हर समय खतरा बना हुआ है आये दिन कोई न कोई स्कूटी सवार रोड पर लगे पत्थरों से फिसल कर गिर रहे है व चोटिल हो रहे है। ऐसी ही एक घटना आज हुई जिसमें दो पर्यटक स्कूटी से जा रहे थे व पत्थरों पर स्कूटी फिसलने से गिर गये व बुरी तरह घायल हो गये। इस क्षेत्रीय सभासद अमित भटट ने कहा कि यह घटना उनके सामने हुई है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद है व पहले भी आवाज उठायी गयी थी कि मालरोड पर लगे पत्थर ठीक नहीं है, उस समय शहीद भगत सिंह चौक से तो पत्थर हटा कर टायले लगा दी गयी लेकिन ग्रीन चौक छोड दिया। इस घटना से पर्यटक चोटिल हो गये व अगर गाड़ी चलती होती तो बड़ी दुर्घटना हो गयी होती। उन्होंने कहा कि यह विभाग की गलती है व कई बार कहने पर भी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जायेगा।स्थानीय व्यापारी आशीष गर्ग ने कहा कि कई बार काबल्स हटाने की बात की गयी लेकिन कुछ नही हुआ उनकी केमिस्ट की दुकान है व आये दिन लोग गिरते है व पटटी करवाने आते है, कई बार तो एक ही दिन में चार से पांच स्कूटी सवार गिर जाते है, बारिश में अधिक फिसलन हो जाती है, यूरोप की तर्ज पर यह बनाई तो गयी लेकिन वह यहां के लोगों के लिए नही है। विधायक, सभासद, व व्यापार संघ से भी शिकायत की है। व्यापारी चिंरजीव जोशी ने कहा कि हर रोज स्कूटियां गिर रही है। यहां पर काबल्स हटा कर डामरीकरण किया जाना चाहिए। कोई सुनने को तैयार नहीं है पालिकाध्यक्ष व विधायक को भी कहा लेकिन कोई नहीं सुन रहा। स्थानीय व्यापारी नौशाद ने कहा कि विभाग ने अच्छा किया था कि खूबसूरती आये लेकिन यह दुर्घटना का कारण बन गया है इसे तत्काल हटाया जाय ताकि लोगों की जान से न खेला जाय।