मसूरी। महात्मा योेगेश्वर सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कालेज के प्रधानाचार्य व देहरादून संकुल प्रमुख डा. मनोज रयाल की अध्यक्षता में संकुल के प्रधानाचार्यों का सम्मेलन सरस्वती विद्या मंदिर, नई यमुना कालोनी, डाकपत्थर में देहरादून में आयोजित किया गया जिसमें संकुल स्तरीय प्रधानाचार्य सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। बैठक में संकुल के सभी प्रधानाचार्य (बंधु व बहनें) उपस्थित रहे। बैठक में आगामी शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद प्रतियोगिताओं तथा विद्यालयी प्रबंधन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा-वार्ता की गई एवं कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक की जानकारी देते हुए देहरादून संकुल के प्रमुख डा. मनोज रयाल ने बताया कि सम्मेलन में संकुल के सभी प्रधानाचार्य मौजूद रहे व प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा करते हुए निर्णय लिए कि संकुल देहरादून जनपद की गणित एवं विज्ञान मेला तथा एथलेटिक्स प्रतियोगिताए आयोजित की जायेगी। जिसमें विज्ञान व गणित मेला बौद्धिक प्रतियोगिता 25 एवं 26 अगस्त 2026 को सरस्वती विद्या मंदिर, मांडूवाला में आयोजित किया जाएगा। एथलेटिक्स प्रतियोगिता 29 एवं 30 अगस्त 2026 को सरस्वती विद्या मंदिर, ढालीपुर में आयोजित होगी। प्रतियोगिताओं की व्यवस्थाओं तथा प्रतिभागियों की संख्या पर गहन चर्चा की गई और सभी विद्यालयों हेतु इनमें प्रतिभाग करना अनिवार्य तय किया गया। वहीं राष्ट्रीय एवं सांस्कृतिक आयोजन पर भी चचा। के बाद निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर 25 सितंबर 2026 को अपने-अपने नगरों में भव्य एवं विशाल कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। संस्कृति बोध परीक्षा परियोजना इसमें अतिरिक्त विद्यालयों एवं छात्र संख्या को जोड़ने पर विचार-विमर्श किया गया।सम्मेलन में संत रविदास की 650वीं जयंती पर विद्यालयों में विभिन्न प्रेरणादायी कार्यक्रमों के आयोजन का निर्णय लिया गया। सम्मेलन में प्रशासनिक व वित्तीय समीक्षा भी की गयी व संकुल प्रमुख ने सभी विद्यालयों से समय पर प्रांतीय निधियाँ प्रेषित करने का आग्रह किया गया। विद्यालय बजट, अंकेक्षण, प्रभावी संस्कार केंद्रों का संचालन, शिशु वाटिका के सभी आयामों पर कार्य तथा चिंतन बिंदुओं का विद्यालयों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सम्मेलन में शैक्षणिक सुधार व प्रशिक्षण के साथ ही पंच परिवर्तन के अंतर्गत किए गए कार्यों एवं उनके परिणामों की समीक्षा की गई। संकुल स्तर पर कक्षा शिक्षण में ए.आई. का उपयोग, अंग्रेजी स्पोकन एवं पंचपदीय पाठ योजना निर्माण हेतु प्रशिक्षण आयोजित करने पर सहमति बनी। नोएडा में आयोजित होने वाले आगामी प्रशिक्षण हेतु प्रधानाचार्य का नाम तय किया गया। पूर्व छात्र पंजीयन एवं पूर्व छात्र परिषद के गठन की प्रक्रिया तेज करने पर बल दिया गया व वर्तमान छात्र संख्या की समीक्षा की गई। अमृत महोत्सव विद्यालय का घोष तैयार करने तथा निरंतर अभ्यास करने का आग्रह किया गया। छात्र छात्राओं एवं आचार्य परिवार हेतु निबंध लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित करने का निर्णय हुआ। संकुल स्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा एवं तैयारियों पर सकारात्मक चर्चा की गई। बैठक में जनपद के 12विद्यालयों के प्रधानाचार्य अनुसूया जखमोला, वेद प्रकाश शर्मा, कली राम भट्ट, आशुतोष शर्मा, शिशु पाल रावत, महिताब गुसाईं, महेश गुप्ता, राकेश मेडोला, दीपा विष्ट, दलवीर थापली सहित स्थानीय आचार्य बंधु एवं बहने उपस्थित रहें