विधानसभा के अंतर्गत शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले आर्यन देव उनियाल। 

उत्तराखण्ड देहरादून/मसूरी

मसूरी। प्रदेश मंत्री, भाजपा युवा मोर्चा एवं अधिवक्ता आर्यन देव उनियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर मसूरी एवं उससे जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे।
भेंट के दौरान मसूरी की नोटिफाइड एवं डी-नोटिफाइड भूमि के सर्वेक्षण एवं सीमांकन की लंबित प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने तथा इसके उपरांत आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से किए जाने का विषय प्रमुखता से उठाया गया। वर्षों से भूमि संबंधी अनिश्चितता का सामना कर रहे स्थानीय नागरिकों के हित में इस प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कर समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने का आग्रह किया गया। इसके साथ ही चमासारी एवं ग्राम सुवाखोली सहित मसूरी से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क एवं मोटर मार्गों के निर्माण, मार्गों के सुधार तथा आवश्यक विकास कार्यों को गति देने से संबंधित विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर जनसमस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर आर्यन देव उनियाल ने कहा कि मसूरी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र एवं संतुलित विकास तथा स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और इन विषयों के शीघ्र निस्तारण के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।