मसूरी। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और जनसेवा के ऐतिहासिक सफर के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यशाला का आयोजन मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज में किया गया।
मुख्य वक्ता डॉक्टर सृष्टि कर्णवाल ने महिला स्वास्थय एवं महिला स्वच्छता पर विस्तार से छात्राओं और महिलाओं को संबोधित किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नारी स्वस्थ तो परिवार सशक्त, नारी सशक्त तो राष्ट्र समर्थ के संकल्प को धरातल पर उतारना है। मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा प्रधानमंत्री मोदी के फिट इंडिया और आरोग्य भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए मातृशक्ति का स्वस्थ होना अनिवार्य है। भाजपा इस अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी हर महिला तक स्वास्थ्य सुविधाएं और जागरूकता पहुंचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इस कार्यशाला में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों और भारी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मंडल महामंत्री नरेंद्र मेलवान और शक्ति केंद्र संयोजक कुलदीप ज़दवान उपस्थित रहे।

