शिशु मदिर में गांधी व शास्त्री की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किए गये।

उत्तराखण्ड देहरादून/मसूरी

मसूरी। महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मसूरी में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, उत्साह एवं राष्ट्रभावना के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य, आचार्यगण एवं अतिथियों ने महात्मा गाँधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने गीत, भाषण एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से महात्मा गाँधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गाँधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन आज भी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। गाँधीजी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को नई दिशा दी, वहीं शास्त्रीजी ने सादगी, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति के भाव और देश की एकता एवं अखंडता के संकल्प के साथ हुआ। इस मौके पर शैलेंद्र कर्णवाल, मदनमोहन शर्मा, चंद्र प्रकाश गोदियाल, माधुरी शर्मा, रमेश चंद्र डिमरी, सहित आचार्य व छात्र छात्राएं मौजूद रहे।