कोविड और डेंगू के आंकड़ों में भी हुई बढ़ोतरी, 46 लोग कोरोना संक्रमित, डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 50, रखें ये सावधानी

Dehardun Newsbeat आपका शहर उत्तराखंड खबर हटकर ट्रेंडिंग खबरें ताज़ा ख़बर न्यूज़ सोशल मीडिया वायरल

कोविड और डेंगू के आंकड़ों में भी हुई बढ़ोतरी, 46 लोग कोरोना संक्रमित, डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 50, रखें ये सावधानी

देहरादून: उत्तराखंड में सीजनल बीमारियों के बीच सीजनल इन्फ्लुएंजा के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. वर्तमान स्थिति यह है कि पिछले 24 घंटे के भीतर स्वाइन फ्लू के 25 नए मामले सामने आए हैं. इनमें से अकेले देहरादून जिले में 11 मामले और अन्य जिलों में 14 मामले सामने आए हैं. दिलचस्प बात ये है कि महिलाओं के मुकाबले पुरुष स्वाइन फ्लू से ज्यादा संक्रमित हैं.

सीजनल एन्फ्लुएंजा के मामले बढ़े: खास बात ये है कि प्रदेश भर में स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 408 हो गया है. हालांकि, 324 मरीज स्वाइन फ्लू से ठीक हो चुके हैं जबकि 82 मरीजों का इलाज जारी है. हालांकि, स्वाइन फ्लू की वजह से अभी तक 2 मरीजों की मौत हो चुकी है. स्वाइन फ्लू के अलावा, डेंगू और कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ती जा रही है.

उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू मरीजों का आंकड़ा 400 के पार: प्रदेश में तेजी बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के आंकड़ों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंताओं को और अधिक बढ़ा दिया है. चिंता की बात ये है कि स्वाइन फ्लू की चपेट में सबसे अधिक छोटे बच्चे और बुजुर्ग आ रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अभी प्रदेश में 408 स्वाइन फ्लू के मामले सामने आए हैं. इनमें से 66 मरीज, 1 से 10 साल तक के बच्चे हैं. इसके साथ ही 11 से 20 साल के 31 बच्चे, 21 से 30 साल के 41 मरीजों, 31 से 40 साल के 34 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है.

महिलाओं से ज्यादा पुरुष हैं संक्रमित: 41 से 50 साल के 44 मरीजों, 51 से 60 साल के 67 मरीजों, 61 से 70 साल के 70 मरीजों, 71 से 80 साल के 42 मरीजों और 81 से 90 साल के 13 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है. यही नहीं, महिलाओं के मुकाबले पुरुष ज्यादा स्वाइन फ्लू की चपेट में आ रहे हैं. आंकड़ों के अनुसार, कुल स्वाइन फ्लू के 408 मरीजों में से 184 महिला और 224 पुरुष मरीज शामिल हैं.

स्वाइन फ्लू (H1N1) के मुख्य लक्षण

  • अचानक तेज बुखार के साथ ठंड लगना
  • लगातार सूखी या बलगम वाली खांसी होना
  • गले में तेज दर्द या खराश का होना
  • सिरदर्द और मांसपेशियों में तेज ऐंठन या दर्द होना
  • अत्यधिक थकान और कमजोरी का होना
  • नाक बहना या नाक का बंद होना
  • सांस लेने में कठिनाई या सांस फूलना
  • कुछ बच्चों में उल्टी और दस्त (डायरिया) होना

स्वास्थ्य विभाग का जांच पर जोर: लगातार बदल रहे मौसम के बीच सीजन बीमारियों के साथ स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग मरीज की जांच पर जोर दे रहा है. खासकर, संदिग्ध मरीजों की विशेष रूप से स्वाइन फ्लू की जांच की जा रही है. अभी तक 1017 सैंपल की जांच की गई है. इनमें से 269 देहरादून और 139 अन्य जिलों में मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं.

कोरोना के मामले भी बढ़े: इसी तरह, अभी तक कोरोना संक्रमण को देखते हुए 531 सैंपल लिए गए हैं. इनमें से 46 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं. इनमें 20 देहरादून और 26 अन्य जिलों के शामिल हैं. इसी तरह डेंगू की जांच के लिए करीब 27,839 सैंपल लिए गए हैं. इनमें से 150 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है. इनमें से देहरादून जिले में 75 मरीज और अन्य जिलों के 75 मरीज शामिल हैं. हालांकि, इन मरीजों में से 128 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 22 मरीजों का इलाज अलग- अलग अस्पतालों में चल रहा है.

कोरोना और स्वाइन फ्लू से बचाव एवं सावधानियां

  • हाथ बार-बार साबुन-पानी से धोएं या सैनिटाइज़र का इस्तेमाल करें
  • भीड़-भाड़ वाले स्थानों में मास्क का इस्तेमाल करें
  • छींक या खांसी के दौरान टिश्यू पेपर या रुमाल का इस्तेमाल करें
  • चेहरे, आंख, नाक, मुंह को बार-बार छूने से बचें
  • शारीरिक दूरी बनाए रखें
  • अगर इसके लक्षण हों तो घर पर रहें, दूसरों से या भीड़ से बचें
  • लक्षण होने पर आइसोलेट में रहें, मास्क पहनें और परिवार के सदस्यों से दूरी बनाए रखें
  • आराम करें, ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थों का सेवन करें
  • डॉक्टर की सलाह पर दवाइयों का सेवन करें

चिकित्सा प्रभारियों को सख्त निर्देश: उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी चिकित्सा प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि इसकी लगातार मॉनिटरिंग करते रहें. ईटीवी भारत से बातचीत करते हुए देहरादून के सीएमओ मनोज शर्मा ने कहा कि-

सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं. अस्पतालों में आने वाले संदिग्ध मरीजों की जांच, उपचार और उनकी स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है. फ्लू के मामलों में किसी भी तरह की बढ़ोतरी होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं.
-मनोज शर्मा, सीएमओ, देहरादून-