सेंट जॉर्ज़ कॉलेज हेरिटेज कप (जैकी) आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट 2026

उत्तराखण्ड देहरादून/मसूरी
मसूरी, 3 अगस्त 2026: सेंट जॉर्ज़ कॉलेज, मसूरी में आयोजित प्रतिष्ठित 53वें सेंट जॉर्ज़ कॉलेज हेरिटेज कप (जैकी) आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का आयोजन पूरे उत्साह, जोश एवं खेल भावना के साथ निरंतर जारी है। 1 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों एवं फुटबॉल क्लबों की 24 प्रमुख टीमें भाग ले रही हैं। यह प्रतियोगिता उत्कृष्ट फुटबॉल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा युवा खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की अपनी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ा रही है।
आज खेले गए मुकाबलों के परिणाम इस प्रकार रहे—
दिन के पहले मुकाबले में ब्लू फुटबॉल क्लब ने मसूरी मैड्रिड क्लब को 4–2 से पराजित किया। ब्लू फुटबॉल क्लब की ओर से प्रफुल ने 18वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि लकी ने शानदार हैट्रिक लगाते हुए 20वें, 33वें एवं 50वें मिनट में गोल दागे। मसूरी मैड्रिड क्लब की ओर से माज़ ने 22वें मिनट तथा सलीम ने 59वें मिनट में गोल किए।
दूसरे मुकाबले में खेतवाला स्पोर्ट्स क्लब ने आर्यन स्पोर्ट्स क्लब को 5–0 से करारी शिकस्त दी। खेतवाला स्पोर्ट्स क्लब की ओर से हिमांशु ने 4वें एवं 8वें मिनट में दो गोल किए, जबकि अमन ने 14वें मिनट, मनीष ने 23वें मिनट तथा सुमित ने 36वें मिनट में गोल कर टीम को एकतरफा जीत दिलाई।
तीसरे मुकाबले में युवा स्पोर्ट्स क्लब ने क्यारकुली स्पोर्ट्स क्लब को 4–2 से हराया। युवा स्पोर्ट्स क्लब की ओर से अनस ने 11वें एवं 33वें मिनट में दो गोल किए। धर्मवीर ने 48वें मिनट तथा पंकज ने 50वें मिनट में गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। क्यारकुली स्पोर्ट्स क्लब की ओर से दोनों गोल साहिल ने 9वें एवं 29वें मिनट में किए।
चौथे मुकाबले में विनबर्ग एलन स्कूल (बी टीम) ने मसूरी पब्लिक स्कूल को 4–2 से पराजित किया। विनबर्ग एलन स्कूल (बी टीम) की ओर से कुंगा ने 19वें मिनट, क्रिस ने 27वें एवं 61वें मिनट में दो गोल तथा युहान ने 60वें मिनट में एक गोल किया। मसूरी पब्लिक स्कूल की ओर से दोनों गोल शवीज़ ने 32वें एवं 35वें मिनट में किए।
दिन के पाँचवें एवं अंतिम मुकाबले में सेंट जॉर्ज़ कॉलेज (ए टीम) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विनबर्ग एलन स्कूल (ए टीम) को 4–0 से पराजित किया। सेंट जॉर्ज़ कॉलेज की ओर से भविष्य राणा ने 31वें मिनट में पहला गोल किया। तनिष्क देव नागटा ने 40वें एवं 66वें मिनट में दो गोल दागे, जबकि अभ्युदय ने 47वें मिनट में गोल कर टीम की शानदार जीत सुनिश्चित की।
आज के सभी मुकाबलों का सफल संचालन एवं निष्पक्ष निर्णयन रेफरी श्री पुष्कर सिंह गुसाईं, श्री प्रदीप नेगी, श्री प्रशांत रावत, श्री मिलन तथा श्री अनीश छेत्री द्वारा किया गया। उनके निष्पक्ष एवं उत्कृष्ट निर्णयन ने सभी मैचों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सेंट जॉर्ज़ कॉलेज हेरिटेज कप (जैकी) आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का आयोजन ब्रदर जेयासीलन एस. (प्रधानाचार्य), ब्रदर ब्रिट्टो (सुपीरियर एवं स्पोर्ट्स सेक्रेटरी), ब्रदर सिल्वेनस केरकेट्टा (उप-प्रधानाचार्य), ब्रदर लॉरेंस कुजूर (सहायक स्पोर्ट्स सेक्रेटरी), ब्रदर निथिन मिटरली, श्री आनंद थापा (स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर), श्री भवनेश नेगी (जनसंपर्क अधिकारी – PRO) तथा सेंट जॉर्ज़ कॉलेज, मसूरी के समर्पित खेल विभाग के सदस्यों के मार्गदर्शन एवं सहयोग से सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है।