मसूरी। सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी में दो दिवसीय अंतर्सदनीय नाट्य प्रतियोगिता का आयोजन छात्रों की प्रतिभा के साथ बडे धूमधाम से किया गया। इस प्रतियोगिता के उद्घाटन विद्यालय के सुपीरियर ब्रदर ब्रिटो ने किया। कार्यक्रम के आरंभ में मुख्य अतिथि को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में पहले दिन टेपसल्स सदन ने ‘सिस्टर एक्ट’ व गेटलीज़ सदन ने ‘द माउस देट रोर्ड’ का उत्कृष्ट मंचन किया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन मार्थिन्स सदन व कलिन्स सदन के कलाकारों का दबदबा रहा। मार्थिन्स सदन ने ‘द ट्रैजिक हिस्ट्री ऑफ डॉ॰ फोस्टस’ व कलिन्स सदन ने ‘नन्स ऑन रन्स’ का भव्य मंचन किया। प्रतियोगिता के अनुभवी निर्णायक मंडल में वीना कालिया, मंजू शर्मा, सीमा सिद्धवानी व मानस लाल रहे। इस प्रतियोगिता में टेपसल्स सदन ने सबसे अधिक अंक पाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। मार्थिन्स सदन को उपविजेता घोषित किया गया। सर्वश्रेष्ठ नायक का खिताब शुभाशीष गुप्ता को मिला। द्वितीय स्थान पर सनथ जोशी व तृृतीय स्थान पर कृष्णम ग्रोवर रहे।

कार्यक्रम के समापन की मुख्य अतिथि उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्षा ऋतु खंडूरी भूषण रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में छात्रों को कहा कि वे सेंट जॉर्ज कॉलेज में आकर अभिभूत हो गई हैं। मुख्य अतिथि ने प्रतिभागी विद्यार्थियों की प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारने का स्वर्णिम अवसर मिलता है। ऐसी प्रतियोगिताएँ उनका करियर निर्धारित करने में मील का पत्थर साबित होती हैं व उनके आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं। उन्होंने कहा आज जबकि पूरा विश्व युद्ध की कगार पर खड़ा है छात्रावासीय विद्यालय इस प्रकार के कार्यक्रम करवाकर विभिन्नता में एकता को बढ़ावा देते है। विद्यालयों का कार्य शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ नैतिक और मानवीय मूल्यों का विकास करना है और सेंट जॉर्ज कॉलेज इस मार्ग पर निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन ने मुख्य अतिथि, निणार्यक मंडल, अतिथि विद्यालयों के छात्रों और अध्यापकों को उनका कीमती समय देने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने विजेता व उपविजेता सदनों को भी बधाई दी। इस अवसर पर सुपीरियर ब्रदर ब्रिटो, प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन, उप-प्रधानाचार्य ब्रदर सिलवेनुस, ब्रदर लॉरेंस, ब्रदर नितिन, शिक्षकगण व छात्र उपस्थित रहे। सुुपीरियर ब्रदर ब्रिटो, प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन, उप-प्रधानाचार्य ब्रदर सिलवेनुस, कल्चरल को-ऑर्डिनेटर दीपाली बल्लभ के दिशा-निर्देशन में यह नाट्य प्रतियोगिता संपन्न हुई।
