मसूरी। मसूरी टिहरी मार्ग स्थित टिपडी धार में एक पर्यटक महिला की संदिग्ध हालात में मौत। पुलिस ने सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची व शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया व पोस्ट मार्टम के लिए देहरादून कोरोनेशन मोर्चरी भेजा गया।
घटना के अनुसार पुलिस को प्रातः साढे सात बजे 112 कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई कि मसूरी टिहरी रोड स्थित टिपडी धार में कियाना होम स्टे में घूमने आयी एक दंपत्ति कियाना होम स्टे में रूकी थी जिसमें महिला की हालत गंभीर है व कोई हलचल नहीं कर रही है। सूचना प्राप्त होने पर प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे व महिला की हालात को देख कर 108 को बुलवाया गया, लेकिन मौके पर पहुंची 108 के फार्मासिस्ट राकेश कुमार ने जांच करने पर महिला को मृत घोषित कर दिया। मौके पर जानकारी करने पर मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री, उम्र 27 वर्ष पत्नी सौम्या श्रीचरण निवासी मास्टर ब्लॉक, मधुबन रोड, नियर चादर विला, शकरपुर वारमल ईस्ट, नई दिल्ली हाल पता डी 2 टावर -13 किदवई नगर ईस्ट दिल्ली के रूप में हुई। मृतका अपने पति सौम्या श्रीचरण पुत्र एस. दुर्गा प्रसाद निवासी उपरोक्त के साथ दिनांक 13.जून 2026 को दिल्ली से ऋषिकेश आए थे तथा दिनांक 14.जून 26 की रात्रि लगभग साढे ग्यारह बजे यह दंपत्ति टिहरी रोड स्थित कियाना होम स्टे में पहुंचे थे। दोनों ने रात्रि में शराब का सेवन किया और रात्रि लगभग साढे तीन बजे ब्लीस नामक कमरे में सो गए थे। उक्त संबंध में पति सौम्या श्रीचरण द्वारा बताया गया कि प्रातः उठकर देखने पर उसकी पत्नी के नाक से रक्त निकला हुआ था और यूरिन भी निकला हुआ था। मौके पर फील्ड यूनिट देहरादून को और पंचायतनामा की कार्यवाही हेतु कार्यपालक मजिस्ट्रेट/नायब तहसीलदार मंसूरी को भी बुलवाया गया। उक्त कमरे का निरीक्षण फील्ड यूनिट देहरादून द्वारा वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी करते हुए आवश्यक साक्ष्य विषयक सैंपल कब्जे में लिए गए मृतका नग्न अवस्था में फर्श पर लेटी पाई गई तथा बेड की चादर पर रक्त फैला हुआ था। कमरे दो खाली शराब की बोतल व अन्य खाद्य सामग्री भी रखी हुई थी। मृतका के पति द्वारा यह भी बताया गया कि दोनों ने रात्रि में शराब का सेवन किया था। दोनों का विवाह दिनांक 08 नवम्बर 2025 को हुआ था तथा दोनों आईटी कंपनियों में कार्यरत हैं, जिसमें पति पुणे एवं महिला गुरुग्राम में कार्यरत थी। पंचायतनामा की कार्यवाही कार्यपालक मजिस्ट्रेट/नायब तहसीलदार मंसूरी द्वारा सम्पन्न की गई। मृत्यु के वास्तविक कारणों की जांच हेतु शव को पोस्टमार्टम हेतु कोरोनेशन अस्पताल देहरादून भिजवाया गया। मृतका के शव का पोस्टमार्टम परीक्षण डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ करने का आग्रह किया गया है। घटना की सूचना पर मृतका के सास ससुर घटनास्थल पर आ गए थे। मृतका के माता पिता को घटना के संबंध में सूचित कर दिया गया है जो देर रात्रि विशाखापटनम से पहुंच जायेंगे। दोनों ही परिवार मूल रूप से विशाखापट्टनम निवासी है। प्रकरण के सम्बन्ध में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
