मसूरी। नगर पालिका परिषद ने पालिका में कार्यरत पर्यावरण मित्रों सहित पालिका के चतुर्थश्रेणी कर्मचारियों को डबल बैंड के 100 से अधिक कंबल नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी व सभासदों ने वितरित किए। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कर्मचारियों को नये वर्ष की शुभकामनाएं भी दी व कहा कि पालिका के पर्यावरण मित्र व कर्मचारी पालिका की रीढ़ हैं, उनके सहयोग से ही शहर की व्यवस्था की जाती है।
नगर पालिका सभागार में कंबल वितरण समारोह में कार्यालय अधीक्षक चंद्रप्रकाश बडोनी ने पालिकाध्यक्ष व सभासदों का स्वागत किया व कहा कि शासनादेश के अनुसार पालिका कर्मचारियों को कंबल, वर्दी आदि का वितरण करती है जिस कड़ी में कंबल वितरण किए जा रहे हैं। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि हर चार साल में पालिका के सभी चतुर्थश्रेणी कर्मचारियों को कंबल वितरित किए जाते हैं, लेकिन इसमें संविदा के कर्मचारी भी शामिल होने चाहिए व इसे बोर्ड की बैठक में रखा जायेगा व उन्हें भी कंबल दिए जायेंगे। उन्होंने कहा कि पालिका के पर्यावरण मित्र व कर्मचारी पालिका की रीढ़ है व पूरे शहर की व्यवस्था आपके उपर है, ऐसे में उनकी चिंता करना पालिका का दायित्व है, उन्होंने कर्मचारियों का आहवान किया कि जिस भी कर्मचारी को कोई भी समस्या हो या कोई भी बात पालिका या समस्याओं से संबंधित कोई बात करनी हो तो वह बिना किसी संकोच के वह पालिकाध्यक्ष या अधिकारियों को कहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों को ईमानदारी से कार्य करना चाहिए। उन्हांने कहा कि सर्दी का मौसम है व ऐसे में कर्मचारी कार्य करते हैं उनको सर्दी से बचाव के लिए कंबल वितरित किए जा रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने यह भी कहा कि शहर में लोगों व पर्यटकों को सर्दी से बचने के लिए हर चौक चौराहों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है लेकिन ऐसी जानकारी मिली है कि अलाव के लिए जहां लकड़िया डाली जाती है वह लोग जलाने से पहले उठा कर ले जाते हैं ऐसा नहीं करना चाहिए। यह अलाव शहर के लोगों, दुकानदारों व पर्यटकों को ठंड से बचाने के लिए जलाये जाते हैं। इस मौके पर पालिका के सभासद पवन थलवाल, शिवानी भारती, गौरी थपलियाल व विशाल खरोला सहित पालिका के अधिकारी मौजूद रहे।
