देहरादून में बुजुर्ग दंपती के घर में हुई 12 लाख की लूट का 36 घंटे में खुलासा, 3 गिरफ्तार, केयरटेकर निकला मास्टरमाइंड

Dehardun Naitional National Newsbeat आपका शहर आपदा उत्तराखंड उत्तराखण्ड ऊधम सिंह नगर खबर हटकर गैरसैण ट्रेंडिंग खबरें ताज़ा ख़बर ताज़ा ख़बरें दिल्ली न्यूज़ भारत मसूरी

लुटेरों ने बुजुर्ग महिला और नौकरानी की आंखों में स्प्रे डालकर उन्हें काबू किया और महिला के पहने हुए आभूषण उतरवा लिए थे

देहरादून: राजधानी देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपती के घर हुई लूट की घटना का दून पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. इस वारदात का मास्टरमाइंड कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि घर का केयरटेकर ही निकला. उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की पूरी साजिश रची और घटना की रात घर का दरवाजा खोलकर उन्हें अंदर बुलाया. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए करीब 12 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं.

बुजुर्ग दंपती के घर 12 लाख की लूट का 36 घंटे में खुलासा: देहरादून पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर 2026 को रमेश कौर संधू पत्नी सुरजीत सिंह संधू निवासी 60 कांवली गांव ने बसंत विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि अज्ञात लोग उनके घर में घुसे और उनकी तथा घर में काम करने वाली नौकरानी की आंखों में स्प्रे डालकर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.

22 नवंबर की रात हुई थी लूट: घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चार पुलिस टीमों का गठन किया गया. टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों से पूछताछ की. जांच के दौरान सामने आया कि 22 नवंबर की रात करीब दो बजे बदमाश घर में दाखिल हुए थे. उन्होंने बुजुर्ग महिला और नौकरानी की आंखों में स्प्रे डालकर उन्हें काबू किया और महिला के पहने हुए आभूषण जबरन उतरवा लिए. इसके बाद घर में रखे अन्य जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए.

पुलिस ने ऐसे पकड़ा: लगातार जांच के बाद 25 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी लूट का सामान लेकर देहरादून से बाहर भागने की फिराक में कांवली गांव स्थित कब्रिस्तान के पास मौजूद हैं. पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लूटे गए आभूषण और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए गए.

केयरटेकर ने ही रची थी पूरी साजिश: पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बुजुर्ग दंपती के घर पर केयरटेकर का काम करने वाले होशियार सिंह ने ही लूट की योजना बनाई थी. उसने घर की पूरी जानकारी अपने साथियों को दी और उन्हें वारदात में शामिल होने का लालच दिया. योजना के तहत घटना की रात होशियार सिंह घर में मौजूद था और उसी ने दरवाजा खोलकर अपने साथियों को अंदर बुलाया. इसके बाद सभी ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया.

थाना बंसत विहार प्रभारी अमित शर्मा ने बताया है कि-

गिरफ्तार आरोपी आपस में भाई-बहन हैं. इनकी पहचान हिमांशु, नितिन और रूपा निवासी जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है. वहीं फरार केयरटेकर होशियार सिंह की तलाश जारी है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन सोने की चूड़ियां, मंगलसूत्र और पेंडेंट, सोने की अंगूठी, झुमकियां, तीन मंजिला झुमकियों की एक जोड़ी, चांदी की दो जोड़ी पायल, चांदी की कमर की तिकड़ी, सफेद मोती की माला, मोती जड़ा सोने का कड़ा और 15 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं.
-अमित शर्मा, प्रभारी, बसंत विहार थाना-

लोगों से सावधान रहने की अपील: थाना प्रभारी ने साथ ही लोगों से सावधान रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि नौकर रखने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल कर करें. पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं.