मसूरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा के राजकीय इंटर कॉलेज किशनपुर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार-2026 समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद देहरादून के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राजकीय इंटर कॉलेज सहित विभिन्न राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को पंडित दीनदयाल उपाध्याय शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राजकीय इंटर कॉलेज किशनपुर के विद्यार्थियों का हॉकी में राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को खेल सामग्री भी प्रदान की। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार योजना अंत्योदय की भावना का जीवंत प्रतीक है। यह योजना ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर उनकी उपलब्धियों को सम्मान देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होने विद्यालय में विधायक निधि मत से बच्चों के खेलकूद के लिए हॉकी कीट सहित अन्य खेल सामग्री प्रदान की।

