रोटरी क्लब मसूरी में मिस अर्थ इको वॉरियर इंडिया 2026 वैष्णवी करनवाल ने साझा किए अनुभव। 

उत्तराखण्ड देहरादून/मसूरी

मसूरी। रोटरी क्लब मसूरी ने एक होटल में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम में मिस अर्थ इको वॉरियर इंडिया 2026 वैष्णवी करनवाल ने अपनी जीवन-यात्रा साझा की। देहरादून की रहने वाली वैष्णवी करनवाल ने अक्टूबर 2026 में मिस अर्थ इको वॉरियर इंडिया 2026 का खिताब जीता और मिस अर्थ इंडिया 2026 की टॉप-6 फाइनलिस्ट में भी स्थान बनाया। उनकी पहचान केवल एक मॉडल या ब्यूटी पेजेंट विजेता के रूप में नहीं, बल्कि एक युवा नेता, पर्यावरण कार्यकर्ता और समर्पित रोटेरियन के रूप में भी है।
वैष्णवी ने वर्ष 2022 में रोटरैक्ट क्लब दून शिवालिक हिल्स की चार्टर प्रेसिडेंट के रूप में कार्य किया, इसके बाद रोटरैक्ट डिस्ट्रिक्ट 3080 में डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी उत्तराखंड 2024-25) रहीं। वर्तमान में वह रोटरी क्लब दून शिवालिक हिल्स में यंग लीडर्स की को-चेयर हैं और जुलाई 2026 में रोटेरियन के रूप में क्लब में शामिल हुईं। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनका प्रमुख अभियान पृथ्वी के धागे है, जिसके माध्यम से वे टेक्सटाइल अपसाइक्लिंग, सस्टेनेबल फैशन और युवतियों के लिए रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दे रही हैं। कार्यक्रम में वैष्णवी ने अपने संघर्ष की गहन गाथा सुनाई कि कैसे छोटी आयु में माँ को खोने के बाद वे गर्दन के नीचे से पक्षाघात की चपेट में आ गईं और दो महीने तक बिस्तर पर रहीं। वैष्णवी ने बताया कि उन्होंने हर दिन ईश्वर से सकारात्मक भाव के साथ प्रार्थना की कि वे शीघ्र स्वस्थ होंगी और जीवन के सभी लक्ष्य प्राप्त करेंगी। दो महीने बाद उनमें धीरे-धीरे सुधार हुआ; उनकी सकारात्मक सोच और मानसिकता ने उन्हें पहले से अधिक मजबूत बना दिया। शुरू में वे ठीक से चल नहीं पाती थीं, सीढ़ियाँ चढ़ने में कठिनाई होती थी, लेकिन उनकी समर्पण भावना, कड़ी मेहनत, प्रेरणा और परिवार के सहयोग ने उन्हें ब्यूटी पेजेंट में भाग लेने के लिए सक्षम बनाया। सेमीफाइनल राउंड में जब उनसे एक प्रश्न का दूसरा भाग पूछा गया, तो उन्होंने ईमानदारी से कहा कि वे उस भाग का उत्तर नहीं जानतीं, केवल पहले भाग का उत्तर दिया। उनकी इस सच्चाई ने ही उन्हें फाइनल राउंड तक पहुँचाया। यह दर्शाता है कि ईमानदारी और आत्मविश्वास सफलता की कुंजी हैं। उनका मानना है कि रिप्रजेंटेंशन क्रेटस, करेज और वे वंचित युवतियों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध हैं। वैष्णवी ने अपने पिता रोटेरियन अजय करनवाल रोटरी क्लब शिवालिक हिल्स देहरादून को अपनी सफलता के पीछे की मुख्य प्रेरणा बताया। रोटरी क्लब मसूरी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम युवा नेतृत्व, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और समाज सेवा के प्रति क्लब की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता रोटरी क्लब मसूरी की अध्यक्ष रोटेरियन अश्विनी मित्तल ने की। क्लब सचिव रोटेरियन नूपुर करनवाल कैंतुरा ने कार्यक्रम का संचालन किया। वहीं प्रेसिडेंट-इलेक्ट रोटेरियन योगिता गोयल ने वैष्णवी करनवाल का परिचय प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में रोटेरियन मयूर गर्ग ने धन्यवाद ज्ञापित किया और अतिथि वक्ता को क्लब की ओर से स्मृति चिह्न भेंट किया गया। कार्यक्रम में पीपी परमोद साहनी, रणबीर सिंह, मनमोहन करनवाल, सुरेश अग्रवाल, डी.के. जैन, शैलेंद्र करनवाल, कुलदीप माथुर, विनीश सांघल, दीपक अग्रवाल, शलभ गर्ग, विपुल मित्तल, संजय जैन, योगिता गोयल, रोटेरियन टी.एस. मंचंदा और रोटेरियन मयूर गर्ग शामिल रहे, साथ ही रोटरी एनीज़ और एनेट्स भी उपस्थित रहीं।