मसूरी देहरादून मार्ग की दुर्दशा पर कांग्रेस ने मंत्री गणेश जोशी व लोनिवि का पुतला दहन किया। 

उत्तराखण्ड देहरादून/मसूरी

मसूरी। कांग्रेस ने पानी वाला बैंड पर मसूरी देहरादून मार्ग के बार बार टूटने, यातायात व्यवस्था बाधित होने व कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए लोक निर्माण विभाग व मंत्री गणेश जोशी का नारेबाजी के बीच पुतला दहन किया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि मसूरी देहरादून मुख्य मार्ग पर जगह जगह सड़क खराब होने के कारण आए दिन यातायात बाधित हो रहा है। कई-कई घंटे तक आम लोग जाम में फंसे रहते हैं, वहीं मरीजों और जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कांग्रेस के प्रतिधियों ने कहा कि जब मुख्य मार्ग की स्थिति इतनी खराब है तो शहर के अन्य संपर्क मार्गों की हालत का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। आरोप लगाया गया कि हर बार सड़क दुरुस्त करने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन धरातल पर स्थायी समाधान नजर नहीं आता। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पिछले साल भारी बारिश और आपदा के बाद किए गए सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि कई स्थानों पर केवल लीपापोती की गई, जिसके चलते अब बारिश के दौरान सड़कें दोबारा क्षतिग्रस्त हो रही हैं। कांग्रेस ने सरकार से मांग की कि ’जनहित को गंभीरता से लेते हुए मसूरी-देहरादून मार्ग की जल्द स्थायी मरम्मत कराई जाए’, ताकि लोगों को जाम और सड़क की बदहाली से राहत मिल सके। इस मौके पर कांग्रेस पीसीसी सदस्य उपेंद्र थापली, पार्षद जाखन सुमेंद्र वोहरा सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।