मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में रक्षा बंधन का पर्व पूरे उत्साह व उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर बहनों ने अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा व भाई ने बहन की रक्षा व सुख समृद्धि की कामना की। इस पर्व को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
रक्षा बंधन का पर्व पर्यटन नगरी में पारंपरिक रीति रिवाज के साथ मनाया गया। इस मौके पर बहनों ने अपने भाईयों की पूजा व तिलक किया व उसके बाद उनकी कलाई पर राखी बांधी व सिंवई, खीर तथा मिठाई खिलाकर मुंह मीठा करवाया। वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों को आशीर्वाद दिया व उनकी रक्षा का संकल्प लेने के साथ ही सुख समृद्धि की कामना की व बहन को उपहार दिए। इस पर्व को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला जो सुबह से ही नहा धोकर राखी बांधने व बधवाने की प्रतीक्षा कर रहे थे। इस मौके पर शहर के सभी राजनैतिक दलों व सामाजिकि संगठनों ने शहर वासियों को राखी पर्व की बधाई दी।