मसूरी। नाग पंचमी पर मसूरी कार्ट मेकंजी रोड स्थित प्राचीन नाग देवता मंदिर में मेले का आयोजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान नाग देवता के दर्शन किए व पुण्य का लाभ कमा परिवार की खुशहाली की कामना की। वहीं मदिर परिसर में एक सप्ताह से आयोजित श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भी समापन हुआ। जिस पर लोगों ने बड़ी संख्या में भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
नाग पंचमी पर ग्राम सभा भटटा क्यारकुली के ग्राम देवता नाग देवता मंदिर में मेले का आयोजन किया गया। प्रातः नाग देवता की प्रतिमा का दूध दही, घी से स्नान कराने के बाद श्रृंगार किया गया व पूजा अर्चना व हवन किया गया। इस मौके पर पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर नाग देवता सहित अन्य देवता अवतरित हुए व अपने भक्तों को आशीर्वाद दिया। नाग देवता के दर्शन करने बड़ी संख्या में श्रद्धालु आये व घंटो लाइन में दर्शन के लिए प्रतीक्षा करनी पड़ी। दर्शन के लिए लोग दूध, घी, मक्खन लेकर आये व देवता को चढाया व परिवार की खुशहाली की कामना की। नाग देवता इस क्षेत्र के रक्षक होने के नाते मसूरी सहित देहरादून व आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आये जिस कारण पूरी रोड पर वाहनों की कतार लग गयी व लोगों को जाम से जूझना प़डा। भगवान नाग देवता मंदिर में दर्शन करने के बाद लोगों ने भागवत कथा के समापन का आनंद लिया व पहले खीर का प्रसाद ग्रहण किया व उसके बाद भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर क्यारकुली के सामाजिक कार्यकर्ता राकेश रावत ने कहा कि भगवान नाग देवता इस क्षेत्र में रक्षक देवता है और इस बार नाग देवता ने दर्शन दिए व अपनी छाल पीपल के पेड़ पर छोड कर चले गये। उन्होंने कहा कि यह प्राचीन मंदिर है जहां भक्तो की मनोकामनाएं पूरी होती है साथ ही इसे न्याय का देवता भी माना जाता है व लोग न्याय के लिए भी मंदिर में आते हैं। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
