मालरोड पर प्राणघातक हमला करने वालों पर कडी कार्रवाई की मांग को ज्ञापन दिया। 

उत्तराखंड देहरादून/मसूरी

मसूरी। विगत दिनों मालरोड कुलडी की चढाई पर आपसी विवाद के बाद  पर्यटकांे ने जिस तरह से रोड चलते लोगों सहित महिला पर जान लेवा हमला किया उस पर पुलिस की शांति भंग की कार्रवाई के खिलाफ लगातार शहर में आक्रोश बढता जा रहा है। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम कोतवाली में ज्ञापन दिया गया व कहा गया कि अगर तीन दिनों में सक्षम धाराओं में अभियोग पंजीकृत नहीं किया गया व उसे गिरफ्तार नहीं किया गया तो जनादोंलन के लिए बाध्य होना पडेगा।
एसएसपी को दिए गये ज्ञापन में कहा गया है कि गत 28 जून की रात्रि को मालरोड पर बाटा शोरूम के पास कुछ पर्यटकों के अनियत्रित वाहन चलाने पर हुए विवाद के बाद उन्होंने एक स्थानीय दंपत्ति व अन्य लोगों पर जिस तरह से प्राण घातक हमला किया वह अति निंदनीय है। इस घटना में शामिल चार से पांच लोग नशे में थे, जिन्होंने यह संज्ञेय अपराध किया। लेकिन उसके बाद पुलिस की कार्रवाई से स्थानीय लोगों व जनता मंे भारी आक्रोश है। ज्ञापन में आश्चर्य व्यक्त किया गया कि सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि स्थानीय लोगों व महिला पर जानलेवा हमला किया गया। लेकिन पुलिस ने केवल शांति भंग की मामूली धारा में चालान किया गया, जिससे लोगों में आक्रोश है। पुलिस की इस कार्यवाही से आम जनता खास कर महिलाएं अपने को भयभीत व असुरक्षित महसूस कर रही है। ज्ञापन में कहा गया कि मसूरी में आये दिन बाहर से आये पर्यटक जिस तरह से शराब के नशे में हुड़दंग व अपराध कर रहे है, पुलिस उन पर कोई कड़ी कार्रवाई नहीं करती। मसूरी की कानून व्यवस्था सवालों के घेर में है और मालरोड में घूम रहे पर्यटक व स्थानीय नागरिक सुरक्षित नहीं है, और उनमें भय व्याप्त है। ज्ञापन में मांग की गयी कि सोशल मीडिया में चल रही वीडियों का संज्ञान लेते हुए घटना करने वालों को अविलंब गिरफ्तार किया जाय, व सक्षम धाराओं में कानूनी कार्रवाई अमल में लायी जाय। वहीं चेतावनी दी गयी कि अगर तीन दिनों में सक्षम कार्रवाई नहीं की गयी तो जनादोंलन किया जायेगा जिसकी जिम्मेदारी पुलिस, प्रशासन व सरकार की होगी। इस मौके पर पालिका के सभासद पवन थलवाल, पूर्व सभासद दर्शन रावत, सुधांशु रावत, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, रजत एकांत, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन पंवार, आदि ने कहा कि यह घटना अति निंदनीय है, लेकिन पुलिस ने इस मामले में असंवेदनशील कार्य किया है, व मामूली धाराएं लगायी गयी हैं, यह घटना पुलिस चौकी से पचास मीटर की दूरी पर हुई है व वीडियों में सबकुछ दिखाई दे रहा है उसके बाद भी पुलिस ने कडी कार्रवाई नहीं की जिससे आक्रोश बढ रहा है वहीं मसूरी की छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर तीन दिनों में पुलिस ने उन्हें गिरफतार नहीं किया व सक्षम धाराओं में मामला दर्ज नहीं किया जो जनांदोलन किया जायेगा। ऐसे में न्याय व्यवस्था व पुलिस से लोगों का विश्वास उठ गया है। अगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो न्यायालय की शरण में भी जाया जायेगा।