मसूरी। नगर पालिका ने बैरियरों पर वाहनों की आवाजाही आसान करने व जाम से निजात पाने के लिए फास्टेग लगाने का निर्णय लिया है व इस संबंध में नगर पालिका अधिशासी अधिकारी ने भारतीय राजमार्ग प्रबंधन कंपनी के मुख्य परिचालन अधिकारी को फास्टेग सेवा देने के लिए पत्र लिखा है।
पत्र की जानकारी देते हुए नगर पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने मुख्य परिचालन अधिकारी को लिखे पत्र में कहा है कि मालरोड के पिक्चर पैलेस, लाइब्रेरी सहित कोल्हूखेत बैरियर पर फास्टेग लगाया जाय ताकि बैरियर पर टोल संग्रहण प्रक्रिया को सुगम बनाया जा सके साथ ही यातायात की भीड़ कम की जा सके। पत्र में कहा गया कि नगर पालिका इससे पूर्ण सहमत है व पालिका ने अपेक्षित प्रक्रिया को पूरा कर लिया है व एमओयू संपादित कर दिया गया है। कंपनी से कहा गया है कि वह साइड का सर्वे करे व तकनीकि निरीक्षण करे, समाधान प्रदाताओं के चयन और आॅनबोर्डिग हेतु निविदा तैयार करे, बुनियादी ढांचे सहित संपूर्ण तकनीकी समाधान का डिजाइन तैयार करे, प्राप्त निविदाओं का तकनीकी एवं वित्तीय मूल्याकन किया जाय व प्रणाली लागू करने वाले वेंडर्स का चयन एवं अनुबंध के साथ परियोजना की निगरानी, कार्य की गुणवत्ता और समय सीमा की निरंतर निगरानी की जायेगी। कंपनी से मांग की गयी है कि शीघ्र फास्टेग प्रणाली को क्रियान्वित किया जाय।
