मसूरी। मसूरी डायवर्जन से मसूरी तक लगभग 30 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग पर करीब 1,500 सजावटी विद्युत पोल लगाने, एलईडी लाइट, विद्युत केबल, भूमिगत पाइपलाइन, नियंत्रण पैनल एवं संबंधित सिविल निर्माण कार्यों से जुड़ी लगभग 51 करोड़ रुपये की परियोजना की निविदा प्रक्रिया को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रवींद्र जुगराण ने गंभीर आशंकाएं व्यक्त करते हुए सचिव आवास से मुलाकात की।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रवीद्र जुगरान ने बताया कि इस संबंध में सचिव आवास से मुलाकात कर निविदा प्रक्रिया, कंपनियों की तकनीकी पात्रता, वित्तीय प्रतिस्पर्धा और परियोजना की लागत से संबंधित लगभग 206 पृष्ठों के प्रमाणित दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। साथ ही अनुरोध किया गया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जब तक मामला विचाराधीन है तथा जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक परियोजना से संबंधित सभी वित्तीय स्वीकृतियां, भुगतान और अन्य वित्तीय गतिविधियां अस्थायी रूप से रोक दी जाएं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रवीन्द्र जुगरान के नेतृत्व में गये प्रतिनिधि मंडल ने सचिव आवास उत्तराखण्ड शासन से भेंट कर मामले की निष्पक्ष व गहन जांच की मांग की व जांच पड़ताल के दौरान भुगतान पर रोक लगाने की मांग की। जिस पर सचिव राजेश कुमार ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए उचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधि मंडल में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रवींद्र जुगरान, डा. दीप जोशी, रवीद्र गुंसाई शामिल थे।

