देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अंतिम चरण में चल रही है. चारधाम यात्रा समाप्त होते ही उत्तराखंड में शीतकालीन चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी. बताया जा रहा है कि उत्तराखंड में में शीतकालीन चारधाम यात्रा शुरुआत 12 नवंबर से होगी. पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने इसकी जानकारी दी. शीतकालीन चारधाम यात्रा की घोषणा के बाद शीतकालीन गद्धी स्थलों में जोरों शोरों से की जा रही है.
आज 10 नवंबर को अन्नकूट पर्व और गोवर्धन पूजा के अवसर पर उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:05 बजे वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं. इसी क्रम में 11 नवंबर को यमुनोत्री धाम और बाबा केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाएंगे. इसके बाद 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद होंगे.
चारों धामों के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद श्रद्धालु, मां गंगा की पूजा उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा में कर सकेंगे. इसी तरह, मां यमुना की पूजा खरसाली, बाबा केदारनाथ की पूजा ओंकारेश्वर मंदिर और भगवान बदरीनाथ की पूजा उनके शीतकालीन प्रवास स्थल पांडुकेश्वर (योगध्यान बदरी मंदिर) एवं जोशीमठ (नृसिंह मंदिर) में होगी. चारधाम यात्रा के अंतिम चरण में श्रद्धालुओं में काफी अधिक उत्साह देखने को मिल रहा है.
उत्तराखंड पर्यटन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर तक गंगोत्री धाम के 10,06,463 श्रद्धालु, यमुनोत्री धाम के 8,84,289 श्रद्धालु, केदारनाथ धाम के 19,13,815 श्रद्धालु और बदरीनाथ धाम के 22,45,745 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. कुल मिलाकर, उत्तराखंड चारधाम के 60,50,312 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं.
शीतकालीन चारधाम यात्रा के जरिये उत्तराखंड सरकार 12 महीनों पर्यटन को चालू रखना चाहती है. इसके लिए शीतकालीन गद्धीस्थलों पर सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है. साथ ही इसके आस पास के इलाकों को भी डेवलप किया जा रहा है.
धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने कहा इस सीजन चारधाम की यात्रा अच्छी चली है. अभी तक चारधाम के 60,50,312 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. ऐसे में इस सीजन की यात्रा सफल रही है. आने वाले समय में शीतकालीन यात्रा चलेगी. शीतकालीन यात्रा के दौरान मां यमुना की पूजा खरसाली, मां गंगा की पूजा मुखवा, बाबा केदार की पूजा ऊखीमठ और बदरी विशाल की पूजा पांडुकेश्वर एवं जोशीमठ में होगी. उन्होंने कहा आने वाले दिनों में शीतकालीन यात्रा को प्रमोट किया जाएगा.

