मसूरी। सेंट जॉर्ज कॉलेज में वार्षिकोत्सव का आयोजन बड़ी धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय भारत सरकार के पूर्व वन महानिदेशक और विशेष सचिव डॉ॰ शरद सिंह नेगी रहे। कार्यक्रम के आरंभ में मुख्य अतिथि को पौधा व स्कूल का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
वार्षिकोत्सव में विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले अध्यापकों मार्क गोंज़ाल्विस, भवनेश नेगी, मेहर वालिया, आनंद थापा, जसकरन सिंह, मनोज कुमार, सुशांत आले, रिचर्ड जोसफ, मीना ठाकुर, विक्रांत शर्मा, सिस्टर कैथरीन और सिस्टर थैरेसिटा को सम्मानित किया गया। वहीं उन अध्यापकों को सम्मानित किया गया जिनके विषयों में आईसीएसई व आई एससी के छात्रों के शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इनमें गीतिका खन्ना, ऋषि बंगवाल, मधु काला, ममता गुप्ता, बीजू अलेक्जेंडर, जूलियाना डिसूज़ा, अरविंद पँवार, विंसेंट जोसफ शामिल रहे। सम्मान समारोह के बाद मुख्य अतिथि ने छात्रों को संबोधित करते हुए अपने संभाषण में कहा कि हमें जीवन में सफलता पाने के लिए छोटे या सुगम रास्तों का चुनाव न करके कठिन परिश्रम करना चाहिए। कठिन परिश्रम ही हमारी सफलता में मील का पत्थर साबित होता है। उन्होंने छात्रों को प्रेरणा देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम से ही उन्होंने जीवन में ये मुकाम हासिल किया है। वार्षिकोंत्सव कार्यक्रम में छात्रों द्वारा चार्ल्स डिकेंस के

उपन्यास पर आधारित संगीतमय नाटिका अ क्रिसमस कैरल का भव्य मंचन किया। जिसमें कि मनुष्य के हृदय परिवर्तन, करुणा, उदारता और क्रिसमस की भावना का भव्यता से प्रदर्शन किया गया। एबेनेज़र स्क्रूज़ के रूप में शुभाशीष गुप्ता ने एक बेहद कंजूस, क्रूर और अकेले बूढ़े के किरदार को बखूबी निभाया। बॉब क्रैचिट जो कि एक गरीब क्लर्क था, उसका किरदार शियोन सैमसन, टिनी टिम का किरदार सम्राट जयसवाल ने और जैकब मार्ले का किरदार औद्विक लोधा ने अदा किया। तीन आत्माओं का किरदार, अतीत अक्षरम टंडन, वर्तमान वीर सैनी और भविष्य युवराज यादव ने निभाया। विद्यार्थियों के गायन, नृृत्य और अभिनय ने सबका मन मोह लिया। समारोह के अंत में प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन ने प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई दी व हैप्पी दिवाली का संदेश देते ही पूरा स्कूल प्रांगण रोशनी और आतिशबाज़ी से चमक उठा। छात्रों द्वारा की गई साज-सज्जा देखकर सभी दाँतों तले उंगलियाँ दबा रहे थे। साथ ही सभी मेहमानों ने विविध प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद भी लिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन, सुपीरियर ब्रदर ब्रिट्टो, उप-प्रधानाचार्य ब्रदर सिलवानुस, वरिष्ठ ब्रदर, ब्रदर कैरेल व अन्य राज्यों से आए ब्रदरस्, कई गणमान्य व्यक्ति, अभिभावक, शिक्षकगण व छात्र उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन, सुपीरियर ब्रदर ब्रिट्टो, उप-प्रधानाचार्य ब्रदर सिलवानुस, कलचरल को-ओर्डिनेटर दीपाली बल्लभ, सीनियर को-ओर्डिनेटर मार्क गोंज़ाल्विस, मिडिल स्कूल को-ओर्डिनेटर अरविंद पँवार, जूनियर को-ओर्डिनेटर वेरोनिका मनेज़िस, अंग्रेज़ी विभाग के समस्त शिक्षक, पीआरओ भवनेश नेगी व स्टेट मैनेजर प्रवीन गुसाईं के दिशा-निर्देशन में इस कार्यक्रम का समापन हुआ

