मसूरी। भारतीय जनता पार्टी मसूरी मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी 72 बूथों पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात को सुना गया। इस अवसर पर प्रत्येक बूथ पर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने भारी संख्या में भागीदारी की।
भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों, वार्डों और दूरस्थ बूथों पर विशेष इंतजाम किए गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के इस सत्र के अपने संबोधन में देश के विकास, जल संरक्षण, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, वोकल फॉर लोकल और त्योहारों के सीजन में आपसी सौहार्द बनाए रखने जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम समाज को जोड़ने और सकारात्मक बदलाव लाने का एक सशक्त माध्यम है। मसूरी मंडल के सभी 72 बूथों पर इस कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं और जनता में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। हर बूथ पर लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरणा ली और देश निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। मन की बात कार्यक्रम के संयोजक मंडल महामंत्री नरेंद्र मेलवान रहे।

