मसूरी। भाजपा मसूरी मंडल ने उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के द्वारा उत्तराखंडियों पर की गयी टिप्पणी के विरोध में उनका पुतला जोरदार नारेबाजी के बीच दहन किया गया।
शहीद भगत सिंह चौक पर भाजपा मसूरी मंडल के कार्यकर्ता एकत्र हुए व मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला जोरदार नारेबाजी के बीच दहन किया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सनातन के प्रहरी और उत्तराखंड के वासी हैं, जिन पर अखिलेश यादव ने अपशब्दों का प्रयोग किया है। इस टिप्पणी की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद देश के सबसे लोकप्रिय नेताओं में स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे सर्वेक्षणों में उत्तर प्रदेश के लोगों की मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ के प्रति पसंद दिखाई दे रही है, इसी से बौखलाकर अखिलेश यादव ने इस तरह की टिप्पणी की है। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव ने योगी को घुसपैठिया कहा, जबकि उन्होंने उत्तर प्रदेश के विकास में अहम योगदान दिया उनकी टिप्पणी से पूरे उत्तराखंडवासी आहत है वहीं कहा कि उनके पिता मुलायम सिंह यादव ने भी राज्य आंदोलन में उत्तराखंड के लोगों पर अत्याचार किया। वहीं कांग्रेस भी उत्तरप्रदेश में मिलकर चुनाव लड़ने की बात कर रही है उनका भी उतना ही विरोध है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को योगी आदित्यनाथ सहित उत्तराखंड के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस व समाजवादी पार्टी ने हिंदू मुस्लिम कर देश को बांटने का प्रयास किया व अब वह उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड को बांटने का प्रयास कर रहे है अगर उन्होंने माफी नहीं मांगी तो उनके घर के आगे विरोध प्रदर्शन व धरना किया जायेगां। इस मौके पर सभासद विजय बिंदवाल, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अरविंद सेमवाल, रमेश खंडूरी, नागेंद्र डिमरी, सचिन पंवार, धन प्रकाश अग्रवाल, उज्जवल नेगी, सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

