मसूरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे देशव्यापी सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भाजपा मसूरी मंडल ने सेंट क्लेयर्स स्कूल में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया जिसमें बच्चों को आये दिन बढ रहे साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गयी।
सेंट क्लेयर कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बढ़ते डिजिटल युग में छात्र-छात्राओं, आम नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी से सुरक्षित रखना और डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना था। कार्यशाला को राजेश ध्यानी, साइबर क्राइम सेल, उत्तराखंड पुलिस ने संबोधित किया। जिन्होंने साइबर अपराध से बचाव के अनेक सुझाव दिए व ऐसी घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने का आहवान किया। वहीं कहा कि ऐसे किसी भी कॉल को उठायें नहीं व अगर कोई प्रताड़ित करता है तो पुलिस से संपर्क करें ताकि ऐसे अपराधियों को पकड़ा जा सके। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने डिजिटल क्रांति के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। लेकिन इस डिजिटल विकास के साथ-साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होना भी बेहद जरूरी है। भाजपा का यह सेवा संकल्प अभियान केवल सामाजिक सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों के डिजिटल जीवन को सुरक्षित बनाना भी इस अभियान का एक अहम हिस्सा है। बैठक में सेंट क्लेयर कॉन्वेंट स्कूल की प्रधानाचार्या, अध्यापक, छात्र-छात्राओं सहित मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, महामंत्री नरेंद्र मेलवान, संयोजक कुलदीप जदवान, देवेन्द्र गुनसोला आदि उपस्थित रहे।

