मसूरी। मसूरी टेªडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने मसूरी देहरादून मार्ग पानी वाला बैंड में मार्ग ध्वस्त होने के बाद हो रही परेशानी के संबंध में सचिव आपदा प्रबंधन एवं सचिव लोक निर्माण विभाग उत्तराखंड को एसडीएम कार्यालय के माध्यम से ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की है, ताकि स्थानीय नागरिकों व पर्यटकों को हो रही परेशानियों से निजात मिल सके।
ज्ञापन में अवगत कराया गया है कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल मसूरी का राज्य की राजधानी से मसूरी आने का एक मात्र मार्ग बहुत ही बुरे हाल में है। पिछले वर्ष सितंबर 2025 और जुलाई 2026 की बारिश में मसूरी देहरादून मार्ग जगह जगह पर खस्ताहाल में हैं। मुख्य रूप से तीन अलग अलग स्थानों पर मार्ग ध्वस्त हुआ है और धसाव हुआ है जिस कारण उक्त स्थल पर एक मार्गीय यातायात व्यवस्था की गयी है जिसके चलते मार्ग पर लंबा जाम लग रहा है और एक घंटे का सफर न्यूनतम तीन घंटे ले रहा है। एसोसिएशन का चिंतन ये है कि यदि कोई नागरिक या पर्यटक अस्वस्थ होने के कारण मसूरी से देहरादून जाता है तो वह सही समय पर उपचार नहीं करवा पायेगा। गर्भवती महिलाओं और अन्य वृद्ध नागरिकों के साथ भी ये समस्या आगे आ सकती है, साथ में मसूरी आ रहे पर्यटक एक बुरी छवि लेकर मसूरी से लौट रहे हैं। सूत्रों के अनुसार अभी तक सभी स्थानों पर जहां जहां रोड का रखरखाव होना है और पुश्ते व रिटेइनिरिंग वाल लगनी है, वहाँ पर भी काम शुरू नहीं हुआ है और अभी तक किसी भी कार्य का टेन्डर नहीं हुआ है जो की एक चिंतनीय विषय है। लोक निर्माण विभाग द्वारा टेन्डर प्रक्रिया शुरू नहीं होने की स्थिति में मसूरी देहरादून मार्ग का सुधार का काम अगले दो महीने में भी शुरू होता नहीं दिख रहा है जो स्पष्ट रूप से विरोधाभास उत्पन्न कर्ता है। हमारे क्षेत्र की मुख्य सड़क पिछले कई महीनों से अत्यंत खराब स्थिति में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाता है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। ज्ञापन में मांग की गयी है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी सड़कों की जल्द से जल्द मरम्मत करवाने की कृपा करें। ज्ञापन देने वालों में मसूरी टेªडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल, महामंत्री जगजीत कुकरेजा, सचिन पंवार, देवी गोदियाल, शिव अरोड़ा, सलीम अहमद आदि थे।
