लंढौर भूधंसाव मरम्मत के कार्य में तेजी लायी जाय, ताकि बरसात से पहले कार्य निपट सके। 

उत्तराखंड देहरादून/मसूरी

मसूरी। इन दिनों लंढौर बाजार भूधंसाव के मरम्मत का कार्य चल रहा है, लेकिन जिस गति से कार्य हो रहा है उससे नहीं लगता कि यह कार्य शीघ्र समाप्त होगा व आने जाने वालों व इस क्षेत्र के व्यवसायियों को हो रही परेशानी जल्दी समाप्त होगी। जबकि यह कार्य दिनरात किया जाना चाहिए था ताकि बरसात से पहले इस कार्य को पूरा किया जा सके।
लंढौर बाजार भूधंसाव से निजात दिलाने के लिए इन दिनों मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। लेकिन जिस धीमी गति से कार्य किया जा रहा है उससे लोगों में आक्रोश बढ रहा है। रोड को पूरी तरह से करीब चार से पांच फीट खोदा गया है जिसके कारण आने जाने वालों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है इस क्षेत्र के दुकानदारों को तो पूरा नुकसान हो रहा है, क्यों कि दुकान पर जाने के लिए साधन नहीं है। विगत दिनों तो दोनों ओर से रोड को खोदे जाने के बाद आने जाने के लिए भी रास्ता नहीं बचा जब लोगों ने कहा तो उसके बाद एक साईड मलवा डाल कर आने जाने के लिए बनाया गया व अब दूसी साईड कटटों में बजरी भरकर रखी जा रही है वही कई बार बीच रोड में जेसीबी लगी होने से रोड क्रास करने का स्थान भी नहीं बचता है विशेष कर बुजुर्ग लोग तो इस रास्ते से आ ही नहीं सकते उन्हें तो साउथ रोड से आना जाना पड़ रहा है। अब दुकानों को दुकान खोलने में भी असुविधा हो रही है दुकाने उंचाई में हो गयी व रोड नीचे हो गया जिस कारण कुछ दुकानदारों ने सीढी बनायी है तो कुछ ने कटटों में बजरी आदि भरकर दुकान तक पहुंचने का साधन बनाया है। नगर पालिका को चाहिए कि रोड का कार्य शीघ्र निपटाने के लिए कार्यदायी संस्था को कहे ताकि बरसात आने पर कार्य करना कठिन हो जायेगा व दुर्घटना की संभावना भी बढ जायेगी।