मसूरी। सामाजिक कार्यकर्ता व जाखन के पार्षद सुशांत बोहरा के नेतृत्व में अंकिता भंडारी हत्याकांड के दोषियों को सजा न देने के लिए विरोध प्रदर्शन के साथ पुतला दहन किया गया। इस मौके पर सुशांत बोहरा ने कहा कि अंकिता भंडारी के साथ हुए जघन्य अन्याय के खिलाफ जनआक्रोश अब खुलकर सामने आ चुका है। अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल भाजपा से जुड़े तथा कथित वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई की जाय। उन्होंने कहा कि सत्ता के संरक्षण और सरकार की चुप्पी के विरूद्ध जनता में आक्रोश बढ रहा है यह प्रदर्शन केवल असंतोष की अभिव्यक्ति नहीं बल्कि अन्याय के विरूद्ध सशक्त चेतावनी है। दुष्यंत कुमार मुर्दाबाद जैसे नारों के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया कि जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक यह संघर्ष नहीं थमेगा। यह लड़ाई किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि सच, न्याय और इंसानियत के पक्ष में है। जनता की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी जांच हो तथा सभी दोषियों को कठोरतम सज़ा दी जाए। न्याय मिलने तक यह आंदोलन हर स्तर पर जारी रहेगा।
