पाला जमने से बढ रही दुर्घटनाएं, अटल उद्यान की झील जमी। 

उत्तराखंड देहरादून/मसूरी

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही कड़ाके की सर्दी से जहां आम जनता परेशान है, वहीं पाला पड़ने से ठंड और अधिक बढ गयी है। सूखी ठंड होने व रात को तापमान में भारी गिरावट के कारण पानी जमने लगा है, वहीं अटल उद्यान की झील भी जम गयी है, इसके साथ ही रोड पर पानी गिराने के कारण सुबह पाला पड़ने से स्कूटी सवार चोटिल हो रहे है साथ ही पैदल चलने वाले भी फिसल रहे हैं।
पर्यटन नगरी में इन दिनों कड़ाके की सर्दी पड़ रही है, हालांकि दिन में अच्छी धूप है लेकिन शाम ढलते ही कडाके की सर्दी शुरू हो जाती है व रात को तापमान माइनस में जाने से जमकर पाला पड़ रहा है जिस कारण सुबह उठते ही मकानों की छतों व जमीन के किनारों पर सफेद पाले की परत जम रही है। ठंड अधिक होने के कारण उटल उद्यान स्थित पानी की झील भी जम गयी है जिसके कारण वोटिंग के लिए जमें पानी की परतों को तोड कर निकालने के बाद ही वोटिंग होती है। वहीं कई सड़कों पर रात को पानी गिरा होने पर सुबह जम जाता है जिस पर स्कूटी सवार फिसल रहे हैं, पिक्चर पैलेस लंढौर मार्ग पर नगर पालिका को जाने वाली सड़क पर शौचालय के नल से पानी गिर कर सड़क पर आने से पानी जम रहा है साथ ही उससे आगे रोड पर पानी गिरने से पानी जम रहा है व स्कूटी सवार गिरकर चोटिल हो रहे है। कई बार तो पैदल चलने वाले जिन्हें पाला नहीं नजर आता उस पर जाने से फिसल कर चोटिल हो रहे है। लगातार रोड पर पानी पड़ने से बचने के लिए उक्त स्थल पर बजरी डाली गयी है ताकि कोई फिसले नहीं। वहीं पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने मामला संज्ञान में आने पर पालिका के अधिकारियों को ऐसे स्थान पर चूना या ब्लीचिंग डालने के निर्देश दिए है ताकि पाला न जमें व लोग उस पर फिसलें नहीं। हालात इतने खराब हो गये हैं कि सुबह के समय पानी गिरते ही जम जाता है। यही हाल अन्य स्थलों पर भी है घरों के बाहर रखा पानी जम रहा है व छतें बर्फ की तरह सफेद नजर आ रही है रोड किनारे खडे वाहनों के शीशों पर व स्कूटियों के उपर पाला जम रहा है। इसके साथ ही सूखी ठंड पड़ने से लोग बीमार भी हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस बार लंबे समय से बारिश नहीं हुई जिस कारण सूखी ठंड पडने से लोग बीमार हो रहे है, ऐसे में बारिश का होना जरूरी है, लेकिन आसमान पूरी तरह से साफ है व बारिश की कोई उम्मीद फिलहाल नजर नहीं आ रही है।